एंटरटेनमेंट डेस्क, 8 फरवरी 2026:
मुंबई में शनिवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यक्रम में सरसंघचालक मोहन भागवत ने व्याख्यानमाला में हिस्सा लिया। सौ वर्ष की संघ यात्रा नए क्षितिज विषय पर इस कार्यक्रम में बॉलीवुड की हस्तियों ने शिरकत की। इसमें सबसे खास सलमान खान रहे। मंच के सामने बैठकर उन्होंने मोहन भागवत का सम्बोधन चाव से सुना और वंदे मातरम के गायन में सबके साथ भागीदारी की।
मुंबई के वर्ली स्थित नेहरू सेंटर में सभी क्षेत्रों की मशहूर हस्तियों ने शिरकत की। बॉलीवुड की ओर से शोमैन सुभाष घई, गीतकार प्रसून जोशी व स्टार सलमान खान भी पहुंचे। दो सत्रों में हुए इस कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम से हुई। गायन के समय ये सभी मौजूद रहे। इसके बाद माइक संभाला सरसंघचालक मोहन भागवत ने। उन्होंने कहा मैं बैठकर इसलिए बोल रहा हूं कि मुझे भाषण नहीं देना मुझे आपसे बात करनी है जानकारी देनी है।

कार्यक्रम में बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान सुभाष घई व प्रसून जोशी के साथ मंच के सामने ही बैठे हुए थे। संघ प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि भारत में हिंदू ही है और कोई है ही नहीं। भारत का बंटवारा धर्म की वजह से हुआ। हमने कहा कि हम सभी धर्मों का सम्मान करते हैं, क्योंकि हम हिंदू हैं। इस्लाम, ईसाई धर्म अभी भी भारत में मौजूद हैं। झड़पें होती हैं, लेकिन देश एकजुट रहा है। हिंदू भाव को भुला देना भी बंटवारे का कारण बना। हिंदुत्व अपनाने से किसी को कुछ भी छोड़ना नहीं पड़ता। न आपकी पूजा-पद्धति बदलती है, न भाषा, न रहन-सहन। हिंदुत्व का मतलब है सुरक्षा और साथ-साथ रहने का भरोसा। यह किसी एक धर्म को थोपने की बात नहीं करता।

उन्होंने कहा कि लोगों की आस्था, खाने-पीने की आदतें और भाषा अलग हो सकती हैं, लेकिन हम सब एक ही समाज, संस्कृति और देश का हिस्सा हैं। इसी सोच को हिंदुत्व कहा जाता है, आप इसे भारतीयता कह सकते हैं। इसलिए हिंदू-मुस्लिम एकता कहावत सही नहीं है, क्योंकि हम पहले से ही एक हैं। मोहन भागवत ने विभिन्न मुद्दों पर खुलकर बात की और सलमान खान पूरी तल्लीनता से उनकी बातें सुनते रहे।






