पटना, 8 मार्च 2026:
बिहार की राजनीति में रविवार को बड़ा मोड़ देखने को मिला। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के ऐलान के साथ ही उनके बेटे निशांत कुमार की जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) में औपचारिक एंट्री हो गई। पटना स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में निशांत कुमार ने जेडीयू की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने उन्हें सदस्यता दिलाई, जबकि वरिष्ठ नेता लल्लन सिंह ने उन्हें पार्टी का गमछा पहनाकर स्वागत किया।
हालांकि इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मौजूद नहीं रहे लेकिन पार्टी कार्यालय में माहौल पूरी तरह उत्सव जैसा दिखाई दिया। जैसे ही निशांत कुमार की गाड़ी पार्टी ऑफिस पहुंची वैसे कार्यकर्ताओं ने फूल बरसाकर उनका भव्य स्वागत किया। कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में समर्थक जुटे थे। कई कार्यकर्ता हाथी, घोड़ा और ऊंट लेकर पहुंचे थे जिससे माहौल और भी रंगीन हो गया।
इस दौरान नीतीश कुमार जिंदाबाद और निशांत कुमार जिंदाबाद के नारे गूंजते रहे। कुछ कार्यकर्ता ‘बिहार का सीएम कैसा हो, निशांत कुमार जैसा हो’ के नारे भी लगा रहे थे। मोकामा से बाहुबली नेता अनंत सिंह के समर्थक भी बड़ी संख्या में पटना पहुंचे थे।

सदस्यता लेने के बाद निशांत कुमार ने कहा कि वह एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में पार्टी की सेवा करेंगे। उन्होंने कहा… मेरे पिताजी ने पिछले 20 वर्षों में बिहार के लिए जो काम किए हैं, मैं उन्हें आगे बढ़ाने का प्रयास करूंगा। राज्यसभा जाने का फैसला उनका निजी निर्णय है और मैं उसका सम्मान करता हूं। उन्होंने बिहार और देश की जनता से अपील की कि वे उनके पिता पर विश्वास बनाए रखें।
निशांत ने कहा कि उन्हें अभी बहुत कुछ सीखना है और इसके लिए जनता का आशीर्वाद जरूरी है। उन्होंने भरोसा जताया कि जनता के विश्वास पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगे।
निशांत कुमार अब तक राजनीति और मीडिया की सुर्खियों से दूर रहने वाले व्यक्ति के रूप में जाने जाते रहे हैं। मुख्यमंत्री के इकलौते बेटे होने के बावजूद उनका जीवन बेहद सादा रहा और उनका झुकाव आध्यात्म की ओर भी बताया जाता है। वे अक्सर साधारण कपड़ों में ही नजर आते हैं।
20 जुलाई 1975 को जन्मे निशांत कुमार की शुरुआती पढ़ाई पटना के सेंट कैरेंस स्कूल में हुई। इसके बाद उन्होंने मसूरी के मानव भारती इंडिया इंटरनेशनल स्कूल से शिक्षा प्राप्त की और फिर Birla Institute of Technology, Mesra से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया।
राजनीतिक गलियारों में अब यह चर्चा भी तेज हो गई है कि आने वाले समय में निशांत कुमार बिहार सरकार में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। यहां तक कि डिप्टी सीएम बनने की चर्चा हो रही है।






