Sports

पाकिस्तान में भी बज रहा ‘वैभव’ का डंका… क्रिकेटरों ने बताया भविष्य का बड़ा सितारा

वैभव सूर्यवंशी के खेल ने सरहद पार भी छेड़ दी चर्चा, मोहम्मद यूसुफ, बासित अली और कामरान अकमल जैसे पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटरों ने युवा बल्लेबाज की खुलकर सराहना की, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए तैयार बताया

स्पोर्ट्स डेस्क, 31 मई 2026:

IPL 2026 में अपने धमाकेदार प्रदर्शन से सुर्खियां बटोर रहे युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की चर्चा अब भारत की सीमाओं से निकलकर पाकिस्तान तक पहुंच गई है। दिलचस्प बात यह है कि जिस पड़ोसी देश से अक्सर भारतीय खिलाड़ियों की खुली तारीफ कम सुनाई देती है, वहीं के कई पूर्व क्रिकेटर वैभव की बल्लेबाजी के मुरीद नजर आ रहे हैं।

राजस्थान की ओर से खेल रहे 15 वर्षीय बाएं हाथ के बल्लेबाज ने इस सीजन में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत का ध्यान खींचा है। उनके प्रदर्शन की सराहना भारत के दिग्गजों के साथ-साथ पाकिस्तान के पूर्व कप्तान मोहम्मद यूसुफ ने भी की है। यूसुफ ने कहा कि वैभव उन्हें युवा शाहिद अफरीदी की याद दिलाते हैं। उन्होंने वैभव को निडर, विस्फोटक और ऊर्जा से भरपूर बल्लेबाज बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की बात कही।

हालांकि, यूसुफ की यह तुलना कुछ भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों को पसंद नहीं आई। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने कहा कि वैभव की बल्लेबाजी तकनीक, निरंतरता और मैच पर पकड़ अफरीदी से अलग है, इसलिए दोनों खिलाड़ियों की तुलना उचित नहीं है।

उधर, पाकिस्तान के वरिष्ठ खेल पत्रकार अब्दुल गफ्फार ने वैभव की प्रतिभा को स्वीकार करते हुए कहा कि असली परीक्षा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में होगी। उनका मानना है कि प्रतिभा साफ दिखाई देती है, लेकिन लंबे समय तक शीर्ष स्तर पर टिकने के लिए तकनीक, निरंतरता और दबाव झेलने की क्षमता भी उतनी ही जरूरी है।

पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर बासित अली वैभव की तारीफ में सबसे आगे नजर आए। उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर वैभव को प्यार से बबलू कहकर संबोधित किया और दावा किया कि आने वाले समय में वह दुनिया के बड़े रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। बासित ने कहा कि जिस तरह की बल्लेबाजी वैभव कर रहे हैं, उससे दुनिया के गेंदबाज उनसे खौफ खाने लगेंगे।

बासित अली ने भारतीय क्रिकेट ढांचे की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि भारत में युवा खिलाड़ियों को भरोसा दिया जाता है, जिसका नतीजा मैदान पर दिखाई देता है। उनका कहना था कि अगर वैभव जैसा खिलाड़ी पाकिस्तान में होता और पहली ही गेंद पर छक्का मारने की कोशिश में आउट हो जाता, तो शायद उसे टीम से बाहर करने की मांग शुरू हो जाती।

पूर्व विकेटकीपर कामरान अकमल ने भी वैभव को लेकर बड़ा बयान दिया था। अकमल का मानना है कि आईपीएल में लगातार रिकॉर्ड बनाने वाला यह युवा बल्लेबाज जल्द ही भारतीय टीम के दरवाजे पर दस्तक दे सकता है। उन्होंने कहा कि अगर वैभव इसी तरह प्रदर्शन करते रहे तो उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में मौका मिलना तय है।

बता दें आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी ने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। वह टूर्नामेंट में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बने, जबकि सबसे तेज अर्धशतकों में भी उनका नाम शामिल है। सीजन के दौरान उन्होंने 29 गेंद में 97 रन और 35 गेंद में शतक जैसी पारियां खेलकर क्रिकेट जगत को चौंका दिया। यही वजह है कि उनकी बल्लेबाजी की गूंज अब पाकिस्तान समेत दुनिया के कई देशों में सुनाई दे रही है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button