लखनऊ, 7 अप्रैल 2026:
उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने कानपुर में गंगा नदी पर बने रेलवे पुल पर गर्डर बदलने का बड़ा काम शुरू कर दिया है। इस महत्वपूर्ण कार्य के चलते अगले 42 दिनों तक रोजाना सुबह 9:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक कानपुर-लखनऊ रेलखंड पर मेगा ब्लॉक लागू रहेगा। इस वजह से ट्रेनों के संचालन पर व्यापक असर पड़ेगा। रेलवे को कई ट्रेनों के रूट व संचालन में बदलाव करना पड़ा है।
नए आदेश के अनुसार 8 अप्रैल से आगरा फोर्ट-लखनऊ जंक्शन इंटरसिटी अब कानपुर तक ही संचालित होगी। यानी यह ट्रेन कानपुर और लखनऊ के बीच के हिस्से में पूरी तरह निरस्त रहेगी। इससे दैनिक यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
इसके अलावा गोमतीनगर-बांद्रा स्पेशल ट्रेन के संचालन और मार्ग में भी बदलाव किया गया है। गाड़ी संख्या 05033 अब 11 मई तक हर सोमवार को गोमतीनगर से दोपहर 2 बजे रवाना होगी और बादशाहनगर, डालीगंज होते हुए सीतापुर, मैलानी, पीलीभीत, इज्जतनगर, कासगंज, मथुरा, भरतपुर, गंगापुर सिटी, कोटा, वडोदरा, सूरत और बोरीवली के रास्ते अगले दिन रात 8 बजे बांद्रा पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 05034 स्पेशल 7 अप्रैल से 12 मई तक हर मंगलवार को बांद्रा से रात 11 बजे चलेगी और बृहस्पतिवार सुबह डालीगंज, बादशाहनगर होते हुए गोमतीनगर सुबह 7:35 बजे पहुंचेगी।
रेलवे ने बताया कि इस स्पेशल ट्रेन में जनरल, स्लीपर और एसी कोच की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। अधिकारियों ने यात्रियों से कहा है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी जरूर प्राप्त करें जिससे किसी असुविधा से बचा जा सके।






