Lucknow City

मोहनलालगंज क्षेत्र में पेट्रोल पंप सूखे…मायूस लौट रहे वाहन सवार, किसान भी चिंता में डूबे

कई दिनों से बंद पड़े पेट्रोल पंप, कहीं डीजल नहीं कहीं पेट्रोल, गेहूं की कटाई को लेकर डीजल जमा कर रहे किसान

एमएम खान

मोहनलालगंज (लखनऊ), 26 मार्च 2026:

मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध का असर अब ग्रामीण इलाकों के पेट्रोल पंपों तक दिखने लगा है। मोहनलालगंज और निगोहां इलाके में कई पंपों पर पेट्रोल और डीजल खत्म हो चुका हैं। बंद पंपों की वजह से बाइक व कार सवार ग्राहकों को निराश लौटना पड़ रहा है।

गुरुवार को ‘द हो हल्ला’ ने जायजा लिया तो पता चला कि निगोहां के शेरपुर लवल मोड़ के पास स्थित लाचीदास पेट्रोल पंप पिछले 15 दिनों से बंद है । यहां आने वाले वाहन सवार पेट्रोल या डीजल न मिलने की वजह से वापस लौट रहे हैं। इसी तरह मोहनलालगंज के पांडेय पेट्रोल पंप भी पेट्रोल और डीजल नहीं मिलने के कारण पिछले दो दिनों से बंद है।

निगोहां के जिओ पेट्रोल पंप पर डीजल खत्म हो चुका है, लेकिन पेट्रोल उपलब्ध है। हालांकि अब गैलन या ड्रम में तेल देना बंद कर दिया गया है और सिर्फ वाहनों में ही पेट्रोल डाला जा रहा है। वहीं त्रिवेदी पेट्रोल पंप पर फिलहाल पेट्रोल और डीजल दोनों उपलब्ध हैं।

लाचीदास पंप के मैनेजर रजनीश कुमार पांडेय ने बताया कि सप्लाई नहीं मिलने की वजह से पेट्रोल और डीजल खत्म हो गया है। इमरजेंसी के लिए एंबुलेंस जैसी सेवाओं को ध्यान में रखते हुए थोड़ी मात्रा बचा रखी गई है। डीजल की कमी का असर अब किसानों पर भी दिखने लगा है। गेहूं की कटाई शुरू हो चुकी है और ट्रैक्टरों के लिए डीजल जरूरी है। कई ट्रैक्टर चालक अपने ट्रैक्टरों और ड्रमों में पहले ही डीजल जमा कर रहे हैं ताकि कटाई में कोई रुकावट न आए। हालांकि जो जमा नहीं कर सके वो अभी भटक रहे हैं।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button