पिथौरागढ़ को 284 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, पात्रों को बांटे चेक, धामी ने की नौ घोषणाएं
सीएम ने 67 विकास योजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्यास, बोले- सड़क, स्वास्थ्य व शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं होंगी मजबूत, अर्थव्यवस्था को मिलेगी रफ्तार, बेहतर सड़क संपर्क से गुंजी व आदि कैलाश की यात्रा हुई सुगम
राजकिशोर तिवारी
पिथौरागढ़, 26 अक्टूबर 2026:
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने पिथौरागढ़ में 284 करोड़ रुपये से अधिक की 67 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 105.30 करोड़ रुपये से तैयार 33 कार्यों का लोकार्पण और 178.76 करोड़ से 34 कार्यों का शिलान्यास शामिल है। इस दौरान सीएम ने जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और पेयजल सुविधाओं के विस्तार के लिए नौ घोषणाएं भी कीं। उद्योग, कृषि, उद्यान, पशुपालन और मत्स्य पालन से जुड़ी स्वरोजगार योजनाओं के पत्रों को एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि के चेक भी बांटे। सीएम ने कहा कि विकास योजनाओं से पिथौरागढ़ में सड़क, स्वास्थ्य व शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं मजबूत होंगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।

डीडीहाट में स्वास्थ्य सुविधाओं का होगा विस्तार
सीएम की घोषणाओं में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डीडीहाट को उप जिला चिकित्सालय के रूप में विकसित करना और मवानी के अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बदलना शामिल है। मूनाकोट के रियांसी में राजकीय महाविद्यालय की स्थापना को भी स्वीकृति देने की घोषणा की गई। इसके अलावा अस्कोट लिफ्ट पेयजल योजना, चण्डाक-छेड़ा दिगतोली सड़क को सुधारने के साथ चौड़ा किया जाएगा। साथ ही नैनीसैनी देवत से कनारी पाभैं तक मार्ग को सुधारने के साथ डामरीकरण का कार्य किया जाएगा। कैलीगाड़ पुल से बेस अस्पताल तक सड़क को सुधारने व हॉटमिक्स कार्य, ज्याला मंदिर छाना पाण्डेय में सीसी मार्ग निर्माण और ग्राम चिमुशी में गाड़ देवी मंदिर का सौंदर्यीकरण भी प्रस्तावित है।
आदि कैलाश यात्रा से बढ़ेंगी रोजगार की संभावनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के आदि कैलाश भ्रमण के बाद इस क्षेत्र के प्रति श्रद्धालुओं और पर्यटकों का आकर्षण बढ़ा है। उन्होंने इस वर्ष आदि कैलाश यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या एक लाख से अधिक पहुंचने की संभावना जताई। उन्होंने कहा कि पर्यटन गतिविधियों में बढ़ोतरी से होमस्टे, परिवहन, स्थानीय उत्पादों और अन्य कारोबार से जुड़े लोगों को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। वहीं पिथौरागढ़ से मुनस्यारी, हल्द्वानी, दिल्ली और देहरादून तक हवाई संपर्क को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत नैनीसैनी हवाई अड्डे को करीब 450 करोड़ रुपये की लागत से विकसित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
भर्ती प्रक्रिया और महिला सशक्तीकरण पर जोर
धामी ने कहा कि प्रदेश में पारदर्शी भर्ती व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। उन्होंने दावा किया कि इस कानून के तहत नकल माफिया के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 100 से अधिक लोगों को जेल भेजा गया है और प्रदेश में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। उन्होंने महिला सशक्तीकरण के लिए लखपति दीदी सहित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख किया। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से गुंजी और आदि कैलाश की यात्रा सुगम हुई है। उन्होंने क्षेत्र में धार्मिक एवं साहसिक पर्यटन के साथ स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
सीएम ने ऑप्टिकल बायोमीटर का किया शुभारंभ
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने सीमांत सेवा फाउंडेशन द्वारा संचालित सीमांत नेत्र चिकित्सालय में ऑप्टिकल बायोमीटर का शुभारंभ किया। इससे मरीजों को नेत्र चिकित्सा की बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम में विधायक बिशन सिंह चुफाल, विधायक फकीर राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, महापौर कल्पना देवलाल सहित जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।






