एमएम खान
मोहनलालगंज (लखनऊ), 1 अप्रैल 2026:
मंगलवार की देर रात आई तेज आंधी और बारिश ने विद्युत आपूर्ति को ध्वस्त कर दिया। निगोहां के दयालपुर गांव में हाईटेंशन लाइन के तार टूट गए, जिससे बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। निगोहां विद्युत सब स्टेशन से जुड़े एक दर्जन से ज्यादा गांवों में करीब 12 घंटे तक अंधेरा पसरा रहा।
तेज हवा के चलते लाइन के तार टूटकर गिर पड़े और सप्लाई बाधित हो गई। रात भर गांवों में बिजली नहीं आई, जिससे लोगों को काफी दिक्कत झेलनी पड़ी। सबसे ज्यादा परेशानी पानी को लेकर हुई, क्योंकि बिजली न होने से मोटर और पंप नहीं चल सके।

सूचना मिलने पर बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मरम्मत का काम शुरू किया। कई घंटों की मशक्कत के बाद लाइन दुरुस्त करने की कोशिश की गई। विभाग के अधिकारियों के मुताबिक आंधी-पानी की वजह से लाइन को नुकसान पहुंचा था, जिसे ठीक कर सप्लाई बहाल कर दी गई है।
अवर अभियंता आशीष ने बताया कि दयालपुर फीडर में 11 हजार केवी लाइन के तार टूटे थे। देवरिया भरसावा में एलटी लाइन के तीन पोल पर लगी एबीसी केबल भी क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसे दुरुस्त कर लिया गया है। अब सभी फीडर सामान्य रूप से चल रहे हैं। घटना के बाद ग्रामीणों ने जर्जर लाइनों की समय-समय पर जांच और मरम्मत की मांग उठाई है, ताकि ऐसी परेशानी दोबारा न हो।






