Uttar Pradesh

International Women’s Day: प्रभनूर कौर की सफलता की कहानी बनी महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना से बदली कानपुर की प्रभनूर की किस्मत, बेकरी स्टूडियो बना रोजगार और आत्मनिर्भरता की मिसाल, कई महिलाओं की चल रही जीविका

लखनऊ, 8 मार्च 2026:

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर यूपी में महिलाओं की आत्मनिर्भरता की एक प्रेरक कहानी सामने आई है। प्रदेश में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान युवाओं को स्वरोजगार उपलब्ध कराने के साथ महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने में भी अहम भूमिका निभा रहा है। इस योजना का लाभ लेकर कानपुर की प्रभनूर कौर ने अपने सपनों को नई उड़ान दी है।

प्रभनूर कौर को बचपन से ही बेकिंग का शौक था। शुरुआत में वह अपने रिश्तेदारों और दोस्तों के लिए केक बनाया करती थीं। धीरे-धीरे उनका यह शौक एक सपने में बदल गया। अपने हुनर को निखारने के लिए उन्होंने दिल्ली और बेंगलुरु में बेकरी वर्कशॉप में हिस्सा लिया। इन प्रशिक्षणों के बाद उन्हें महसूस हुआ कि इस काम को बड़े स्तर पर भी किया जा सकता है।

एक दिन मोबाइल पर जानकारी खोजते हुए उन्हें ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान’ के बारे में पता चला। इसके बाद उन्होंने कानपुर के जिला उद्योग केंद्र जाकर योजना की पूरी जानकारी ली और आवेदन किया। योजना के तहत उन्हें ₹4.25 लाख का ब्याजमुक्त ऋण मिला। इस आर्थिक सहायता से उन्होंने आधुनिक मशीनें, ओवन और अन्य जरूरी उपकरण खरीदे। इससे उनका बेकरी व्यवसाय तेजी से आगे बढ़ा।

प्रभनूर बताती हैं कि 13 अप्रैल 2025 को बैसाखी के दिन उनके बेकरी स्टूडियो ‘स्वीट स्कल्प बाय कौर्स’ (Sweet Sculpt By Kaurs) को नई पहचान मिली। आज उनके बनाए कस्टमाइज्ड केक की मांग केवल कानपुर ही नहीं बल्कि गोंडा और लखनऊ तक पहुंच चुकी है। उनकी बेकरी अब कई तरह के खास डिजाइन और थीम वाले केक तैयार करती है।

सबसे खास बात यह है कि प्रभनूर कौर अब केवल खुद ही आत्मनिर्भर नहीं बनीं बल्कि अन्य महिलाओं को भी रोजगार देने का काम कर रही हैं। उनका बेकरी स्टूडियो महिला सशक्तीकरण की एक मजबूत मिसाल बन चुका है। प्रभनूर कौर की सफलता की कहानी बताती है कि सही मार्गदर्शन और सरकारी सहयोग मिलने पर महिलाएं अपने सपनों को साकार करने के साथ समाज में रोजगार और प्रेरणा का नया अध्याय भी लिख सकती हैं।

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत 21 से 40 वर्ष के युवाओं को बिना बैंक गारंटी के 5 लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जाता है। इस योजना का लाभ लेकर प्रदेश की महिलाएं भी अपना व्यवसाय शुरू कर सकती हैं। इच्छुक लोग उत्तर प्रदेश सरकार के एमएसएमई पोर्टल या अपने जिले के जिला उद्योग केंद्र के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button