Prayagraj

प्रयागराज न्यूज : दरवाजे पर ही दम तोड़ बैठी घर की लाडली, फंस गया स्कूल बैग, ड्राइवर ने बैक कर दी गाड़ी

नैनी के प्रयागपुरम में कक्षा 3 की छात्रा की मौत, लोगों ने चालक को पकड़कर वैन में बंद किया, सदमे में परिवार

प्रयागराज, 22 अक्टूबर 2026:

यूपी के प्रयागराज में स्कूल से घर लौटी 8 साल की छात्रा की अपनी ही स्कूल वैन से कुचलकर मौत हो गई। नैनी इलाके में बच्ची वैन से उतरकर अपना बैग निकाल रही थी, तभी बैग गाड़ी में फंस गया। इसी दौरान ड्राइवर ने वैन पीछे कर दी। बच्ची गाड़ी की चपेट में आकर दीवार के बीच दब गई। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

बेहद तेजी से बैक किया स्कूल वाहन

हादसा गुरुवार दोपहर करीब 3:30 बजे नैनी थाना क्षेत्र के प्रयाग पुरम में हुआ। मृतका की पहचान तस्वनी उदयांसी पाठक के रूप में हुई है। वह दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) में कक्षा तीन की छात्रा थी। स्कूल से लौटने के बाद वह घर के दरवाजे पर वैन से उतरी थी। बच्ची की दादी कादंबनी पाठक घर में बैठी उसे उतरते देख रहीं थीं। कुछ ही देर में वो उसे दुलारतीं कि उतरने के बाद उदयांसी का बैग वैन में कहीं उलझ गया। वह दीवार के पास खड़ी थी। ड्राइवर ने तेज रफ्तार में गाड़ी पीछे कर दी, जिससे बच्ची वैन की चपेट में आ गई। वह गाड़ी तथा दीवार के बीच फंस गई।

चीख सुनकर जमा हो गई भीड़

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने बच्ची को गाड़ी के नीचे से निकाला। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी मौत की पुष्टि कर दी। घटनास्थल पर खून बिखर गया था। बच्ची का शव घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां आरती दुबे रोते-रोते कई बार बेहोश हो गईं। बच्ची के चाचा पुष्पेंद्र पाठक उसे गोद में लेकर बिलखते रहे। परिवार के लोग उसे प्यार से ताशी बुलाते थे।

ये भी पढ़ें:

दिल्ली में नौकरी करते हैं पिता, मां सरकारी टीचर

तस्वनी अपने माता-पिता की इकलौती बेटी थी। उसके पिता मनीष कुमार पाठक दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करते हैं, जबकि मां आरती दुबे गोरखपुर में सरकारी टीचर हैं। इन दिनों वह छुट्टी पर घर आई हुई थीं। माता-पिता के दूसरे शहरों में नौकरी करने के चलते बच्ची प्रयागराज में अपने दादा सुरेश पाठक तथा दादी कादंबनी पाठक के साथ रहती थी।

Advertisement

चालक हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने वैन चालक को पकड़ लिया। उसे गाड़ी में बंद करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया गया। चालक की पहचान सत्यपाल के रूप में हुई है। वह रेही खुर्द निवासी दयाराम पाल का बेटा है। नैनी इंस्पेक्टर अविनाश कुमार सिंह ने बताया कि हादसे में छात्रा की मौत हुई है। चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बच्ची के घर पर पुलिस बल तैनात है।

ये भी पढ़ें  गुरु पूर्णिमा: काशी-प्रयागराज में गंगा घाटों पर दिखा आस्था का सैलाब, मठ-मंदिरों में गूंजी गुरु वंदना

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link