Uttarakhand

वादाखिलाफी का आरोप… मंत्री आवास घेरने निकले PRD जवान, पुलिस से नोकझोंक, सड़क पर धरना

365 दिन रोजगार और होमगार्ड की तर्ज पर मानदेय-डीए की मांग को लेकर पीआरडी जवानों का प्रदर्शन तेज, यमुना कॉलोनी में मंत्री आवास कूच के दौरान पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोका, संगठन का आरोप मार्च से आंदोलन जारी, लेकिन सरकार की तरफ से अब तक सिर्फ आश्वासन मिले

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 28 मई 2026:

प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों ने अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर गुरुवार को विभागीय मंत्री रेखा आर्या के आवास की ओर कूच कर दिया। बड़ी संख्या में पहुंचे जवानों को कालोनी के गेट पर ही रोक दिया गया। इसके बाद जवानों ने सड़क पर बैठकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और मांगों पर फैसला न होने को लेकर नाराजगी जताई।

पीआरडी जवान परेड ग्राउंड से रैली निकालकर यमुना कॉलोनी स्थित मंत्री आवास की ओर बढ़े। घेराव की पूर्व घोषणा होने से पहले से ही मुस्तैद पुलिस ने कॉलोनी गेट पर बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई। कुछ देर तक तीखी नोकझोंक भी चली। बाद में पीआरडी जवान सड़क पर धरने पर बैठ गए।

संगठन के अध्यक्ष नवीन बिष्ट ने कहा कि 18 मार्च 2026 से आंदोलन लगातार जारी है। इस दौरान कैंडल मार्च, मुख्यमंत्री आवास कूच और सचिवालय कूच जैसे कार्यक्रम किए गए, ताकि सरकार तक जवानों की बात पहुंच सके। उन्होंने कहा कि हर बार सिर्फ भरोसा दिया गया, लेकिन मांगों पर अब तक कोई ठोस फैसला नहीं हुआ।

प्रदर्शन कर रहे जवानों का कहना है कि विभागीय मंत्री ने 365 दिन रोजगार देने और होमगार्ड की तर्ज पर मानदेय व महंगाई भत्ता लागू करने का मामला जल्द कैबिनेट में रखने का आश्वासन दिया था। इसके बावजूद दो कैबिनेट बैठकों के बाद भी कोई निर्णय नहीं लिया गया।

पीआरडी जवानों ने कहा कि लगातार अनदेखी के चलते उन्हें मंत्री आवास कूच व रैली के लिए मजबूर होना पड़ा। बाद में प्रशासन की तरफ से जल्द वार्ता कराने का भरोसा दिए जाने पर जवानों ने धरना समाप्त कर दिया।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button