Uttarakhand

पीआरडी जवान कल मंत्री आवास का करेंगे घेराव… 71 दिन से धरने पर डटे, जानिए क्या हैं मांगें

देहरादून में पीआरडी जवान दे रहे धरना, 365 दिन रोजगार और होमगार्ड की तरह मानदेय व डीए देने की मांग, नहीं हो रही सुनवाई

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 27 मई 2026ः

उत्तराखंड के देहरादून में पीआरडी जवान अपनी मांगों को लेकर एकता विहार में 71वें दिन भी धरने पर डटे रहे। उन्होंने सुनवाई न होने पर गुरुवार को मंत्री रेखा आर्य के आवास की ओर कूच करने का ऐलान किया है। जवानों की मांग है कि 365 दिन उनको रोजगार और होमगार्ड की तरह मानदेय व डीए दिया जाए।

प्रांतीय रक्षक दल हित संगठन के जिलाध्यक्ष नवीन बिष्ट और अन्य पदाधिकारियों ने बुधवार को प्रेस क्लब में अपनी रणनीति के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दो सूत्री मांगों को लेकर 18 मार्च से एकता विहार में धरना चल रहा है। इस दौरान 22 मार्च को कैंडल मार्च, 25 मार्च को मुख्यमंत्री आवास कूच और दो अप्रैल को सचिवालय कूच किया गया था, ताकि सरकार तक जवानों की आवाज पहुंचाई जा सके।

उन्होंने कहा कि इसके बाद छह अप्रैल को मंत्री रेखा आर्य की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई थी। इसमें विभागीय सचिव अमित सिन्हा, अधिकारी और संगठन के प्रतिनिधि शामिल हुए थे। मंत्री ने दोनों मांगों का प्रस्ताव तैयार कर जल्द कैबिनेट बैठक में लाने का आश्वासन दिया था। उनके आश्वासन के बाद जवानों ने शांतिपूर्ण ढंग से आगामी कैबिनेट बैठक तक धरना जारी रखने का निर्णय लिया था, लेकिन डेढ़ माह बीतने और दो कैबिनेट बैठकों के बाद भी प्रस्ताव नहीं लाया गया। इससे जवानों में नाराजगी है।

जिलाध्यक्ष नवीन बिष्ट ने कहा कि गुरुवार को मंत्री रेखा आर्य के आवास की ओर कूच के साथ महारैली निकालने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 21-22 वर्षों से विभिन्न सरकारें पीआरडी जवानों को केवल आश्वासन और घोषणाएं देकर टालती रही हैं। कहा कि दो सूत्री मांगों से संबंधित शासनादेश जारी होने तक अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button