Uttar Pradesh

राहुल गांधी ने लोकसभा में चीन द्वारा कब्जाई गई जमीन का मुद्दा उठाया

नई दिल्ली,3 अप्रैल 2025

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज लोकसभा में एक बार फिर से चीन द्वारा कब्जाई गई भारतीय जमीन का मुद्दा उठाया और केंद्र सरकार से मांग की कि भारत अपनी जमीन वापस ले। उन्होंने सदन में कहा कि चीन भारत की जमीन हथिया कर बैठा हुआ है, लेकिन भारत के विदेश सचिव चीन के एंबेसडर के साथ केक काट रहे हैं।

राहुल गांधी ने कहा कि यह तथ्य है कि चीन 4 हजार किलोमीटर हमारी जमीन पर कब्जा कर चुका है। उन्होंने हैरानी जताई कि कुछ दिन पहले भारतीय विदेश सचिव ने चीन के एंबेसडर के साथ केक काटा। उन्होंने सवाल उठाया कि सीमा पर जो हुआ, उसमें 20 जवान शहीद हुए थे। क्या उनकी शहादत पर केक काटकर यह सेलेब्रेशन था? उन्होंने स्पष्ट किया कि वे सामान्य रिश्तों के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन पहले भारत को अपनी जमीन वापस लेनी चाहिए।

कांग्रेस सांसद ने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि विदेश मंत्रालय अंतरराष्ट्रीय मामलों को देखता है, लेकिन हमारे सहयोगी देश भारत पर 26 फीसदी का टैरिफ लगा रहे हैं और सरकार इसे लेकर कोई कदम नहीं उठा रही। उन्होंने कहा कि भारत का उद्योग, ऑटो इंडस्ट्री और टेलीकॉम सेक्टर बुरी स्थिति में हैं।

राहुल गांधी ने इस दौरान पूर्व प्रधानमंत्री और अपनी दादी इंदिरा गांधी का एक किस्सा साझा करते हुए कहा कि किसी ने इंदिरा गांधी से पूछा था कि वे विदेश मामलों में राइट जाएंगी या लेफ्ट? तब इंदिरा गांधी ने जवाब दिया था कि वे न राइट जाएंगी, न लेफ्ट, बल्कि भारतीय के रूप में सीधी खड़ी रहेंगी।

राहुल गांधी ने केंद्र सरकार से मांग की कि वह देश को यह बताए कि सहयोगी देश भारत पर टैरिफ क्यों लगा रहे हैं, चीन ने भारतीय जमीन पर कब्जा कर लिया है और इन मुद्दों पर सरकार क्या कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button