लखनऊ, 28 अगस्त 2026:
रक्षाबंधन पर घरों में मिठास घोलने की तैयारी के बीच यूपी में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया है। त्योहार के दौरान मिठाई, खोवा, पनीर, दूध और घी के नाम पर लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों पर प्रदेशभर में लगातार कार्रवाई हो रही है। अब तक अभियान में 18 एफआईआर दर्ज की गईं। 182 खाद्य नमूने लेने के साथ 13,440.25 किलोग्राम और 14,561 लीटर सामग्री जब्त की जा चुकी है। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 26.09 लाख रुपये है।
इतना ही नहीं जांच में असुरक्षित, दूषित या खराब परिस्थितियों में रखी मिली 18,607 किलोग्राम और 7,630 लीटर खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई। नष्ट की गई सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 27.89 लाख रुपये बताई गई है। यानी त्योहार की मिठास में मिलावट का खेल खेलने वालों पर सरकार ने कार्रवाई का शिकंजा और कस दिया है।

16 से ज्यादा जिलों में विशेष टीमें सक्रिय
एफएसडीए की विशेष प्रवर्तन टीमें कानपुर नगर, कानपुर देहात, लखनऊ, मुजफ्फरनगर, मेरठ, कासगंज, अलीगढ़, बागपत, प्रयागराज, गाजियाबाद, आगरा, हापुड़, संत कबीर नगर, फिरोजाबाद, बदायूं, सम्भल, मथुरा समेत कई जिलों में पहुंचीं। विभाग ने साफ किया है कि कार्रवाई केवल खाद्य पदार्थों के नमूने लेने तक सीमित नहीं है। जहां खाद्य सामग्री असुरक्षित या दूषित परिस्थितियों में मिली उसे मौके पर ही नष्ट कराया गया। गंभीर मामलों में एफआईआर के साथ कारोबार बंद कराने और परिसर सील करने की कार्रवाई भी की गई।
कानपुर में 4.30 कुंतल खोया नष्ट, लखनऊ में हजारों किलो सामग्री जब्त, कारोबार बंद
कानपुर नगर की हटिया खोवा मंडी में 14 दुकानों का निरीक्षण कर 18 नमूने लिए गए। वहां गंदे में रखा करीब 4.30 कुंतल खोया नष्ट कराया गया। कानपुर देहात में खोवा निर्माण इकाइयों में रिफाइंड तेल, वनस्पति और एसएमपी के इस्तेमाल के मामले सामने आए। तैयार खोया नष्ट कराने के साथ संदिग्ध सामग्री जब्त की गई और संबंधित मामलों में एफआईआर दर्ज कराई गई।
लखनऊ में शिवाक्षी स्वीट्स पर कार्रवाई के दौरान 15 नमूने लिए गए। करीब 686 किलोग्राम खाद्य सामग्री जब्त की गई, जबकि 2,675 किलोग्राम दूषित खाद्य पदार्थ नष्ट कराया गया। अस्वच्छ परिस्थितियों के कारण कारोबार भी बंद कराया गया।

नकली घी और मिलावटी पनीर भी निशाने पर
सम्भल में नकली घी तैयार करने वाले परिसर पर छापेमारी कर करीब 100 कुंतल घी जब्त किया गया। एफआईआर दर्ज करने के साथ परिसर सील कर कारोबार बंद कराया गया। बदायूं में वाहन जांच के दौरान 1,605 किलोग्राम देशी घी जब्त किया गया। इसकी कीमत करीब 10.53 लाख रुपये आंकी गई। कासगंज में 4 कुंतल पनीर, जबकि हापुड़ में करीब 6 कुंतल पनीर नष्ट कराया गया। मथुरा में रिफाइंड तेल और संदिग्ध रसायनों से पनीर तैयार किए जाने के तीन मामलों में एफआईआर दर्ज कराई गई।
मिलावट के ‘कच्चे माल’ पर भी नजर
एफएसडीए ने मिलावट के लिए इस्तेमाल होने वाली सामग्री को भी कार्रवाई के दायरे में लिया है। अभियान में स्किम्ड मिल्क पाउडर, वनस्पति, रिफाइंड तेल, सिंथेटिक रंग, सोडियम बाई कार्बोनेट और संदिग्ध रसायन जब्त किए गए। प्रयागराज में 72 कुंतल खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई। अलीगढ़ में 17.5 कुंतल खोवा नष्ट कराया गया। फिरोजाबाद में 10 कुंतल मावा नष्ट कराने के साथ दो एफआईआर और गाजियाबाद में संदिग्ध रसायन व अन्य सामग्री की बरामदगी के बाद दो एफआईआर दर्ज की गईं।
त्योहार पर मिठाई खरीदते समय रहें सतर्क
एफएसडीए का यह अभियान रक्षाबंधन के दौरान लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। विभाग की लगातार सैंपलिंग, निरीक्षण, सीजर और नष्ट करने की कार्रवाई का मकसद है कि त्योहार की मिठास में मिलावट का जहर न घुले और लोगों की सेहत से कोई समझौता न हो।






