Lucknow CityNational

राम मंदिर की सुरक्षा को मिली हाईटेक ताकत… बना कंट्रोल रूम, हर गतिविधि पर होगी कड़ी नजर

राम मंदिर की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए श्रीराम जन्मभूमि के बाहर आधुनिक प्रशासनिक भवन और हाईटेक कंट्रोल रूम तैयार किया गया है, जहां से हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी

लखनऊ, 8 जनवरी 2026:

उत्तर प्रदेश सरकार ने अयोध्या में राम मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए एक अहम पहल की है। जहां श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के ठीक बाहर पुलिस विभाग की 12 हजार वर्ग फीट भूमि पर एक आधुनिक प्रशासनिक भवन और कंट्रोल रूम बनाया गया है। इसका निर्माण भी पूरा हो चुका है। इस भवन को करीब 1128.75 लाख रुपये की लागत से तैयार किया गया है। इस परियोजना का संचालन गृह विभाग द्वारा किया गया है।

इस भवन का निर्माण कार्य दिसंबर 2023 में सीएनडीएस संस्था के माध्यम से शुरू किया गया था। जी प्लस वन मंजिला इस भवन के बेसमेंट में मुख्य कंट्रोल रूम बनाया गया है। यह कंट्रोल रूम आधुनिक तकनीक से लैस होगा, जहां से सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, भीड प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और आपात सेवाओं पर रियल टाइम नजर रखी जा सकेगी।

वेद मंदिर के पास बने इस भवन में आंतरिक स्थल विकास के तहत कई आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं। इनमें सीसी रोड, रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, बाहरी जल निकासी व्यवस्था, एयर कंडीशन सुविधा, सबमर्सिबल पंप के साथ बोरिंग, हाई स्पीड लिफ्ट, पूरा विद्युतीकरण, मजबूत बाउंड्रीवाल, एमएस गेट और 160 केवीए का डीजल जनरेटर सेट शामिल है। ये सुविधाएं भवन को पर्यावरण के अनुकूल और आपात स्थिति में आत्मनिर्भर बनाती हैं।

कार्यदायी संस्था सीएनडीएस के परियोजना प्रबंधक देवव्रत पवार ने बताया कि भवन का 98 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और बाउंड्रीवाल का काम तेजी से चल रहा है। भवन जल्द ही लोकार्पण के लिए तैयार है। इसके शुरू होने के बाद यह पुलिस विभाग द्वारा संचालित किया जाएगा और राम जन्मभूमि परिसर के आसपास होने वाली हर गतिविधि पर कडी नजर रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button