
राजकिशोर तिवारी
अल्मोड़ा, 22 जून 2026ः
उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अल्मोड़ा के सोमेश्वर में कठपुड़िया से कलोड़िया (कतूनियां) तक बनने वाले मार्ग का शिलान्यास किया। सड़क के निर्माण के लिए 55.60 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। यह मार्ग मंत्री के विधानसभा क्षेत्र सोमेश्वर में बनने जा रहा है।
कैबिनेट मंत्री ने सोमवार को शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान कहा कि सड़कें केवल संपर्क का माध्यम नहीं होतीं, बल्कि किसी भी क्षेत्र की प्रगति और समृद्धि की जीवन रेखा होती हैं। सोमेश्वर क्षेत्र की जनता को बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना और उनके जीवन को सुगम बनाना उनकी प्राथमिकता और संकल्प है। इस मार्ग के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा, आवागमन सुगम होगा और क्षेत्र में आर्थिक व सामाजिक गतिविधियों को नई गति प्राप्त होगी।
उन्होंने सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि उत्तराखंड को हर क्षेत्र में एक आदर्श और सशक्त राज्य बनाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में उन्होंने बंगसर स्थल के विकास व सौंदर्यीकरण के लिए 3.50 लाख और कलोड़िया में बरात घर के निर्माण के लिए तीन लाख रुपये विधायक निधि से देने की घोषणा की। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष गणेश जलाल, महामंत्री नरेंद्र बिष्ट, देवेंद्र मेहरा, जिला उपाध्यक्ष देवेंद्र नयाल, युवा मोर्चा उपाध्यक्ष अशोक जलाल, वीरेंद्र चिलवाल, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी मौजूद रहे।






