अयोध्या, 25 मार्च 2026:
यूपी के अयोध्या, अंबेडकरनगर और बलरामपुर समेत आसपास इलाकों में पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाह ने हालात बिगाड़ दिए हैं। अफवाह के चलते पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ उमड़ रही है। इससे कई जगहों पर ईंधन खत्म होने की नौबत आ गई है। अयोध्या में स्थिति सबसे ज्यादा गंभीर नजर आई जहां कई पेट्रोल पंपों पर ‘पेट्रोल-डीजल समाप्त’ के नोटिस चस्पा करने पड़े।
अयोध्या में मंगलवार रात से शुरू हुई भीड़ बुधवार सुबह तक और बढ़ गई। शहर के कई पंपों पर लंबी कतारें लगी रहीं लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी लोगों को ईंधन नहीं मिल सका। कुछ स्थानों पर सुबह आठ बजे के बाद आपूर्ति शुरू हुई तब जाकर आंशिक राहत मिली। देवकाली बाईपास और महोबारा ओवरब्रिज के पास स्थित पंपों पर भारी भीड़ देखने को मिली। अयोध्याधाम बस स्टैंड के पास के पंप पर पेट्रोल और डीजल दोनों का स्टाक खत्म हो गया।

स्थिति को और जटिल तब बना दिया जब कई पंपों पर ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था ठप हो गई। उपभोक्ताओं को केवल नकद में ईंधन मिल रहा है। इससे परेशानी बढ़ गई है। वहीं, संकट के बीच कालाबाजारी की खबरें भी सामने आ रही हैं।
बलरामपुर के उतरौला क्षेत्र में लॉकडाउन की अफवाह और ईंधन संकट की चर्चा ने हालात को और बिगाड़ दिया। सुबह से ही पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ जुट गई। लोग बोतल और डिब्बों में भी पेट्रोल भरवाने पहुंचने लगे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को मौके पर तैनात करना पड़ा।
अंबेडकरनगर में भी हालात बेकाबू होते दिखे। लोग बाइक में 8-10 लीटर और कारों के टैंक फुल कराने लगे जिससे आपूर्ति पर दबाव बढ़ गया। प्रशासन ने पेट्रोल पंप डीलर्स एसोसिएशन के साथ बैठक कर हालात की समीक्षा की है। फिलहाल पुलिस की निगरानी में वितरण कराया जा रहा है। लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।






