अयोध्या, 11 फरवरी 2026:
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा से अयोध्या के लिए निकली महात्रिशूल सनातन हिंदू एकता यात्रा रामनगरी अयोध्या पहुंची है। यात्रा के साथ श्रद्धालु 60 फीट ऊंचा, 11 फीट चौड़ा और लगभग 700 किलोग्राम वजनी चमचमाता विशाल त्रिशूल लेकर पहुंचे, जिसका क्षेत्र में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया।
यह विशाल त्रिशूल श्री विघ्नेश्वर नाथ महादेव धाम में स्थापित किया जाएगा। यात्रा के अयोध्या पहुंचते ही वातावरण ‘जय भोले’ और ‘हर हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा। पूरी तरह स्टील से निर्मित यह त्रिशूल छिंदवाड़ा जिले के झिरलिंगा गांव के कारीगर सुशील विश्वकर्मा द्वारा तैयार किया गया है। इसे बनाने में लगभग एक वर्ष का समय लगा। अयोध्या में अलग अलग स्थानों पर श्रद्धालुओं सहित विभिन्न संगठनों ने यात्रा का स्वागत किया।

यात्रा संयोजक ऋषिराज सिंह ने बताया कि छिंदवाड़ा से अयोध्या तक यात्रा के दौरान कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने त्रिशूल की विधिवत पूजा-अर्चना कर स्वागत किया। उनकी श्रद्धा ने हमारी यात्रा को जोश से भर दिया। एक लंबे चौड़े ट्रक पर रखे गए महात्रिशूल को विधिवत सजाया गया है। इसे ट्रक पर रखने और स्थापित करने के लिए विशेष इंतजाम करने पड़े हैं। पूरी यात्रा में महात्रिशूल की पवित्रता का ध्यान रखने के लिए अतिरिक्त सावधानी बरती गई।






