Barabanki City

संजय सेतु बंद : दो माह तक बस व भारी वाहन लगाएंगे बड़ा चक्कर…पीपा पुल से गुजर रहे छोटे वाहन

लखनऊ-बहराइच-गोंडा मार्ग पर बाराबंकी में बना है संजय सेतु, श्रावस्ती व रुपईडीहा जाने वालों के लिए बढ़ी मुसीबत

बाराबंकी, 16 अप्रैल 2026:

रामनगर क्षेत्र में घाघरा नदी पर बने संजय सेतु की मरम्मत शुरू होने के साथ ही बाराबंकी-बहराइच मार्ग पर रूट डायवर्जन लागू कर दिया गया है। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे चौकाघाट के पास तैयार पीपा पुल को छोटे वाहनों के लिए खोल दिया गया, जबकि भारी वाहनों पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। यह व्यवस्था अगले दो महीने तक लागू रहेगी।

बता दें कि संजय सेतु से होकर ही गोंडा, बहराइच श्रावस्ती रोजाना हजारों वाहन लखनऊ से आते जाते रहे हैं। कई राउंड मरम्मत के बावजूद भी संजय सेतु लगातार कमजोर होता जा रहा था। इसके ज्वाइंट खुल रहे थे। भारी वाहनों से पुल को झटके लग रहे थे इसलिए इसकी तत्काल मरम्मत की नौबत आ गई। इस कार्य के लिए पुल को बंद कर वैकल्पिक पीपा पुल बनाया गया लेकिन भारी वाहनों पर पाबंदी लगानी पड़ी।

इसी वजह से राष्ट्रीय राजमार्ग पर लखनऊ व बाराबंकी से बहराइच जाने वाले ट्रकों, बसों समेत सभी भारी वाहनों को डायवर्ट कर दिया गया है। अब ये वाहन सीतापुर के चहलारी घाट और अयोध्या के रास्ते गोंडा व बहराइच की ओर भेजे जा रहे हैं। रोडवेज बसें भी इस रूट से नहीं गुजरेंगी।

ये भी पढ़ें:

WhatsApp Image 2026-04-16 at 5.41.52 PM

वहीं, दोपहिया, कार, ऑटो, एंबुलेंस जैसे हल्के वाहनों को पीपा पुल से गुजरने की अनुमति दी गई है। इससे स्थानीय लोगों को राहत मिली है, क्योंकि लंबे समय से आवागमन में दिक्कत आ रही थी। अब छोटे वाहन सीधे बहराइच, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती और नेपाल की दिशा में निकल सकेंगे।

करीब 6 करोड़ 18 लाख रुपये की लागत से बने इस अस्थायी पुल को दो लेन में तैयार किया गया है। एक लेन से आने वाले, दूसरी से जाने वाले वाहनों की व्यवस्था की गई है, जिससे जाम की समस्या न हो। पुल पर यातायात संचालन लोक निर्माण विभाग ने शुरू कराया। मौके पर प्रशासनिक अफसर मौजूद रहे और खुद निगरानी करते हुए वाहनों को सुरक्षित तरीके से पार कराया गया। स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि पुल पर किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसी वजह से भारी वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद रखी गई है।

यातायात व्यवस्था संभालने के लिए चौपुला, रामनगर तिराहा, चौकाघाट, सफदरगंज चौराहा, बदोसराय चौराहा जैसे प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। दो शिफ्ट में ड्यूटी लगाई गई है, ताकि कहीं भी जाम या अव्यवस्था की स्थिति न बने। प्रशासन के मुताबिक एंबुलेंस को किसी भी स्थिति में नहीं रोका जाएगा और उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी।

READ MORE 

ये भी पढ़ें  वरुणा : जीवनदायिनी नदी से जहरीले नाले तक का सफर, प्रसाशन की लापरवाही उजागर

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button