Business

बढ़त के साथ खुला शेयर बाजार…सेंसेक्स 550 से ज्यादा अंक चढ़ा, निफ्टी 25500 के पार

आईटी शेयरों में खरीदारी लौटी, शुरुआती कारोबार में रुपये को भी मिला सहारा, पिछला सत्र रहा था कमजोर

बिजनेस डेस्क, 25 फरवरी 2026:

हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन घरेलू शेयर बाजार ने मजबूती के साथ शुरुआत की। बुधवार सुबह बाजार हरे निशान पर खुला और शुरुआती कारोबार में अच्छी खरीदारी देखने को मिली।

शुरुआती सत्र में बीएसई का सेंसेक्स 558.79 अंक चढ़कर 82,784.71 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं एनएसई का निफ्टी 157 अंक की तेजी के साथ 25,581.70 पर कारोबार करता नजर आया।
मुद्रा बाजार में भी हल्की मजबूती रही और रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 6 पैसे मजबूत होकर 90.89 पर पहुंच गया।

सेंसेक्स पैक में टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, इंफोसिस, पावर ग्रिड और इंटरग्लोब एविएशन के शेयर सबसे ज्यादा फायदे में रहे। वहीं स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, बजाज फाइनेंस, एशियन पेंट्स और मारुति सुजुकी के शेयरों में दबाव देखा गया।

बीएसई आईटी इंडेक्स करीब 2 प्रतिशत से ज्यादा चढ़कर 29,850 के आसपास पहुंच गया। पिछले कारोबारी दिन कृत्रिम बुद्धिमत्ता से जुड़ी चिंताओं के कारण आईटी शेयरों में भारी गिरावट आई थी, लेकिन आज निवेशकों का भरोसा लौटता दिखा।

वैश्विक संकेत भी सकारात्मक रहे। एशियाई बाजारों में ज्यादातर इंडेक्स बढ़त के साथ कारोबार करते दिखे। जापान का प्रमुख सूचकांक नई ऊंचाई के करीब पहुंचा, जबकि ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण कोरिया और हांगकांग के बाजारों में भी तेजी रही।

विशेषज्ञों का कहना है कि वॉल स्ट्रीट में आई मजबूती और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सेक्टर को लेकर बढ़ते उत्साह का असर एशियाई बाजारों के साथ भारतीय बाजार पर भी दिखाई दे रहा है।

मंगलवार को बाजार में बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी। सेंसेक्स 1068 अंक टूटकर 82,225.92 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 25,424.65 के स्तर पर आ गया था। आज की शुरुआती तेजी को निवेशकों के लिए राहत भरी शुरुआत माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button