Business

शेयर बाजार में छाई हरियाली… सेंसेक्स 630 अंक उछला, निफ्टी 23900 के पार

बैंकिंग शेयरों में खरीदारी से बाजार को सहारा मिला, एशियाई बाजारों के अच्छे संकेत का भी असर डॉलर के मुकाबले रुपया थोड़ा कमजोर, कच्चे तेल की कीमतें फिर चढ़ीं

बिजनेस डेस्क, 10 अप्रैल 2026:

हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को शेयर बाजार ने मजबूती के साथ शुरुआत की। गुरुवार की बड़ी गिरावट के बाद बाजार में रिकवरी दिखी और शुरुआती कारोबार में ही सेंसेक्स 630 अंक चढ़ गया।

बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 630.08 अंक बढ़कर 77,261.73 पर पहुंच गया। वहीं एनएसई निफ्टी 203.6 अंक की बढ़त के साथ 23,978.70 पर कारोबार करता दिखा, जो 23900 के स्तर के ऊपर बना रहा।

शुरुआती कारोबार में तेजी की सबसे बड़ी वजह बैंकिंग शेयरों में खरीदारी रही। एक्सिस बैंक, एसबीआई, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फिनसर्व और बजाज फाइनेंस जैसे शेयरों में उछाल दिखा। दूसरी तरफ आईटी और फार्मा सेक्टर के कुछ शेयरों में दबाव रहा, जिनमें इंफोसिस, टीसीएस, सन फार्मा और टेक महिंद्रा शामिल रहे।

रुपया भी हल्की कमजोरी के साथ खुला। डॉलर के मुकाबले यह 5 पैसे गिरकर 92.71 पर आ गया, जबकि पिछले सत्र में 92.66 पर बंद हुआ था। वैश्विक संकेत भी बाजार के पक्ष में रहे। एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई, दक्षिण कोरिया का कोस्पी, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त में कारोबार करते दिखे। अमेरिकी बाजार भी गुरुवार को मजबूती के साथ बंद हुए थे, जिसका असर भारतीय बाजार पर पड़ा।

कच्चे तेल की कीमतों में भी हल्की तेजी देखी गई। ब्रेंट क्रूड 96.11 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया, जो आगे बाजार की दिशा तय करने में अहम रहेगा। संस्थागत निवेशकों के आंकड़ों पर नजर डालें तो गुरुवार को विदेशी निवेशकों ने 1711 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू निवेशकों ने 955 करोड़ रुपये की खरीदारी की।

गुरुवार को बाजार में भारी गिरावट रही थी, जब सेंसेक्स 931 अंक टूटकर 76,631.65 पर बंद हुआ था और निफ्टी 23,775.10 के स्तर पर आ गया था। शुक्रवार की शुरुआत उसी गिरावट के बाद रिकवरी के संकेत लेकर आई।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button