Lucknow CityUttarakhand

पहले आप-पहले आप… वाला लखनऊ टॉप, यहां की हवा सबसे साफ, उत्तराखंड के देहरादून को 12वां स्थान

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने कराया था सर्वे, इंदौर दूसरे और जबलपुर तीसरे स्थान पर, लखनऊ को 2025 में मिला था क्रिएटिव सिटी ऑफ गैस्ट्रोनॉमी का अवार्ड

लखनऊ/देहरादून, 8 सितंबर 2026ः

यूपी की राजधानी लखनऊ को नवाबों का शहर कहा जाता है। यहां की तहजीब, नजाकत और नफासत के लोग कायल हैं। पहले आप-पहले आप के चक्कर में यहां लोगों की ट्रेन छूट जाती है। लखनऊ को अपने प्रसिद्ध व्यंजनों की वजह से 31 अक्टूबर 2025 को क्रिएटिव सिटी ऑफ गैस्ट्रोनॉमी का अवार्ड मिला था। अब देश भर में साफ हवा होने के कारण इंदौर को पीछे छोड़ते हुए लखनऊ ने टॉप टेन में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं, उत्तराखंड की राजधानी देहरादून को 12वां स्थान मिला है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की ओर से कराए गए सर्वेक्षण 2026 में 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में लखनऊ ने पहली बार इंदौर को पीछे छोड़ते हुए देश में पहला स्थान हासिल किया है। स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में लखनऊ को सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाला शहर चुना गया है। वहीं, इंदौर दूसरे और जबलपुर तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। पिछले वर्ष 15वें स्थान पर रहने वाले लखनऊ में इस बार 14 पायदान की छलांग लगाकर पहला स्थान पाया।

यही नहीं यूपी के 16 शहरों ने अलग-अलग आबादी वर्गों में राष्ट्रीय स्तर पर अच्छा प्रदर्शन किया है। इसमें आगरा चौथे स्थान और गाजियाबाद नौवें स्थान पर है। दिल्ली में पर्यावरण भवन में आयोजित कार्यक्रम में लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल ने पुरस्कार ग्रहण किया। इस अवसर पर नगर आयुक्त गौरव कुमार भी मौजूद रहे। पुरस्कार के रूप में लखनऊ को डेढ़ करोड़, इंदौर को एक करोड़ और जबलपुर को 50 लाख रुपये की धनराशि प्रदान की गई।

ये भी पढ़ें:

उधर, देहरादून ने वायु गुणवत्ता सुधार की दिशा में तीन से 10 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देशभर में 12वां स्थान प्राप्त किया है। वर्ष 2024 में 41वां और 2025 में 19वां स्थान मिला था। 2026 में 12वें स्थान पर पहुंचकर अपनी स्थिति और मजबूत की है। इस तरह दो वर्षों में देहरादून की रैंकिंग में 29 पायदान का सुधार हुआ है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2024 से 2025 के बीच देहरादून ने एक ही साल में 22 पायदान की छलांग लगाई। इसके बाद 2025 से 2026 के बीच भी शहर ने अपनी रैंकिंग में सात पायदान का सुधार किया।

swachh-vayu-survekshan-2026-lucknow-rank-1-cleanest-air-city (2)

देहरादून में वायु गुणवत्ता सुधार के लिए धूल नियंत्रण को लेकर विशेष अभियान चलाए गए। सड़कों की नियमित सफाई, यांत्रिक सफाई व्यवस्था, सड़क किनारे जमा धूल हटाने, निर्माण एवं अन्य गतिविधियों से होने वाले धूल प्रदूषण पर नियंत्रण और खुले में कूड़ा जलाने पर रोक जैसे कदम उठाए गए। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि स्वच्छ हवा केवल पर्यावरण का मुद्दा नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से जुड़ा विषय है। सरकार विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए स्वच्छ वायु के प्रयासों को और व्यापक बनाएगी।

देश के टॉप टेन शहरों की लिस्ट (10 लाख से अधिक आबादी)

लखनऊ (198 अंक), इंदौर (197 अंक), जबलपुर (195 अंक), भोपाल (192 अंक), आगरा (192 अंक), सूरत (191 अंक), रायपुर (189 अंक), ठाणे (187 अंक), चंडीगढ़ (187 अंक), राजकोट (187 अंक), अहमदाबाद (186 अंक), विजयवाड़ा (186 अंक), गाजियाबाद (184 अंक), नवी मुंबई (184 अक), नागपुर (183.8 अंक)।

ये भी पढ़ें  लखनऊ में साइबर ठगों की 'कॉर्पोरेट फैक्ट्री' का भंडाफोड़ : अमेरिका-कनाडा तक फैला अरबों की ठगी का नेटवर्क, 119 हिरासत में

Anurag Chaturvedi

अनुराग चतुर्वेदी पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता, लेखन और संपादन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए खबरों को निष्पक्षता और गहराई के साथ जनता के सामने रखा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button