लखनऊ, 3 जनवरी 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में एक बार फिर दबंगई और आपराधिक धमकियों का मामला सामने आया है। सुल्तानपुर रोड पर अहिमामऊ के पास स्थित स्वस्तिका सिटी में अवैध कब्जे के विवाद से जुड़ा यह मामला अब गंभीर मोड़ लेता नजर आ रहा है। इस प्रकरण में बाहुबली पूर्व सांसद धनंजय सिंह, जौनपुर के महाराजगंज की ब्लॉक प्रमुख मांडवी सिंह के पति विनय सिंह आदि के खिलाफ केस दर्ज कराने वाले स्वस्तिका सिटी निवासी कौशल किशोर तिवारी को धमकी दिए जाने का आरोप है। घटना के बाद इलाके में भय और तनाव का माहौल है।
कौशल किशोर तिवारी के अनुसार शुक्रवार की रात करीब 10 बजकर 22 मिनट पर एक महिला और छह पुरुष उनके घर के मुख्य गेट पर पहुंचे। सभी लोग भारी-भारी बैग लेकर आए हुए थे। इससे उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। घर के बाहर अचानक संदिग्ध लोगों की मौजूदगी देखकर कौशल तिवारी ने भीतर से आवाज लगाई, जिस पर बाहर खड़े लोग धमकी भरे अंदाज में गाली-गलौज करते हुए मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद जब घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई तो सभी संदिग्धों के चेहरे साफ नजर आए। फुटेज में उनके आने-जाने का समय और गतिविधियां स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड हुई हैं। कौशल तिवारी का कहना है कि यह महज डराने की कोशिश नहीं, बल्कि किसी बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकता है। उन्होंने आशंका जताई है कि अवैध कब्जे के मामले में नामजद बाहुबली पूर्व सांसद धनंजय सिंह, जौनपुर के महाराजगंज की ब्लॉक प्रमुख मांडवी सिंह के पति विनय सिंह तथा अन्य लोग उनकी हत्या करा सकते हैं।
घटना से घबराए कौशल तिवारी ने तत्काल डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद सुशांत गोल्फ सिटी थाने में लिखित शिकायत भी दी। शिकायत में उन्होंने सीसीटीवी फुटेज का जिक्र करते हुए आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।

इस घटना के सामने आने के बाद स्वस्तिका सिटी में दहशत का माहौल बन गया है। स्थानीय लोग भी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो हालात और बिगड़ सकते हैं।
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, बढ़ते तनाव को देखते हुए स्वस्तिका सिटी में पुलिस सतर्कता बढ़ाई जा रही है।






