Lucknow City

भाजपा के सहयोगी दल सुभासपा के विधायक बेदीराम पर कब्जे का आरोप…. सपा पार्षद का थाने में हंगामा

गोमतीनगर के भरवारा क्षेत्र में नाले की जमीन पर निर्माण कराने के मामले में पार्षद ने बीबीडी थाने में दी तहरीर, केस दर्ज न होने पर समर्थकों संग किया प्रदर्शन, विधायक पर लेखपाल को धमकाने का भी आरोप

लखनऊ, 8 फरवरी 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर इलाके में नाले पर अवैध कब्जे के आरोप को लेकर सियासी संग्राम छिड़ गया है। यूपी सरकार में शामिल सुभासपा के विधायक बेदीराम पर कब्जे का आरोप लगाते हुए सपा पार्षद ममता रावत ने मोर्चा खोल दिया है। पार्षद अपने समर्थकों के साथ बीबीडी थाने पहुंचीं और विधायक के खिलाफ केस दर्ज न होने पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। थाने परिसर में समर्थकों की भीड़ जुटने से गहमागहमी की स्थिति बन गई। प्रदर्शनकारियों ने विधायक बेदीराम मुर्दाबाद के नारे लगाए और टेंट मंगवाकर धरना देने की चेतावनी दी।

पार्षद ममता रावत का आरोप है कि गोमतीनगर के भरवारा स्थित गंगोत्री विहार फेज-टू में नाले की जमीन पर विधायक का मैरिज हॉल बना है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस नाले का निर्माण प्रस्तावित है उसी जमीन पर अवैध कब्जा किया गया है। पार्षद का दावा है कि इस मामले में शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया है। उन्होंने साफ कहा कि जब तक एफआईआर दर्ज नहीं होगी वह थाने से नहीं हटेंगी।

विवाद तब और गरमा गया जब एक कथित वीडियो सामने आया। वीडियो में विधायक बेदीराम पर लेखपाल कौशल को फोन पर डांटने-फटकारने और कार्रवाई करने पर नौकरी मुश्किल करने की धमकी देने का आरोप है। आरोप यह भी है कि जब लेखपाल ने पार्षद के कहने पर कार्रवाई की बात कही तो विधायक ने महिला पार्षद के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। लेखपाल कौशल ने भी पुलिस से शिकायत कर मुकदमा दर्ज कराने की बात कही थी।

ये भी पढ़ें:

पार्षद ममता रावत ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि का महिला पार्षद से इस तरह बात करना बेहद शर्मनाक है। उन्होंने इस पूरे मामले की जानकारी सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और मेयर सुषमा खर्कवाल को भी दी है। उधर, विधायक बेदीराम ने सभी आरोपों को खारिज किया है। सूत्रों के मुताबिक नगर निगम की ओर से भी विधायक के खिलाफ शिकायत दी जा सकती है। फिलहाल थाने पर घेराव व प्रदर्शन से माहौल तनावपूर्ण ब
हो गया। पूरे मामले पर पुलिस की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें  लखनऊ : हाउस टैक्स वसूली के लिए जोन-4 में विशेष शिविर.. इन समस्याओं का मौके पर कराएं समाधान

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link