Sports

T20 World Cup 2026 : कोलंबो में भारत का धमाका… अब पाकिस्तान पर सुपर आठ से बाहर होने का खतरा

पाकिस्तान के लिए अगला मैच बन चुका करो या मरो, सुपर आठ में पहुंचने के लिए उसे 18 फरवरी को होने वाले मुकाबले में नामीबिया को हर हाल में होगा हराना

स्पोर्ट्स डेस्क, 16 फरवरी 2026:

कोलंबो में खेले गए टी20 विश्व कप के हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारत ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 61 रनों से रौंदकर टूर्नामेंट में अपना दबदबा कायम कर लिया। इस करारी हार के बाद पाकिस्तान पर सुपर आठ से बाहर होने का खतरा मंडराने लगा है। उधर, भारत ने ग्रुप ए में शीर्ष पर रहते हुए अगले दौर का टिकट लगभग पक्का कर लिया है।

इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 175 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। ओपनर ईशान किशन ने शानदार अर्धशतक जड़ते हुए टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। उनके आत्मविश्वास से भरे शॉट्स ने पाकिस्तानी गेंदबाजी आक्रमण पर लगातार दबाव बनाए रखा। जवाब में पाकिस्तान की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाई और 18 ओवर में 114 रन पर ऑलआउट हो गई। यह टी20 अंतरराष्ट्रीय में पाकिस्तान के खिलाफ रनों के अंतर से भारत की अब तक की सबसे बड़ी जीत मानी जा रही है। इसने 2012 के पुराने रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया।

T20 World Cup IND vs PAK India Dominates Again

ग्रुप ए की तस्वीर इस हार के बाद और दिलचस्प हो गई है। पाकिस्तान तीन मैचों में दो जीत और एक हार के साथ चार अंकों पर फिसलकर तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। उससे ऊपर अमेरिका चार मैचों में दो जीत और दो हार के साथ दूसरे स्थान पर बना हुआ है। उधर, भारत तीनों मुकाबले जीतकर छह अंकों के साथ टॉप पर कायम है। अब पाकिस्तान के लिए गणित सीधा है। सुपर आठ में पहुंचने के लिए उसे 18 फरवरी को होने वाले मुकाबले में नामीबिया को हर हाल में हराना होगा। अगर यह मैच बारिश से धुल जाता है तो भी पाकिस्तान अगले दौर में पहुंच सकता है।

इसी दिन भारत और नीदरलैंड आमने-सामने होंगे। नीदरलैंड के फिलहाल दो अंक हैं और जीत की स्थिति में उसके चार अंक हो सकते हैं जिससे नेट रन रेट की भूमिका अहम हो जाएगी। ग्रुप ए से सुपर आठ में पहुंचने की जंग अब अमेरिका और पाकिस्तान के बीच सिमटती नजर आ रही है। एक ओर भारत की जीत ने आत्मविश्वास की नई ऊंचाई छू ली है तो दूसरी ओर पाकिस्तान के लिए अगला मैच ‘करो या मरो’ बन चुका है।

WhatsApp Image 2026-02-15 at 10.48.05 PM

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button