स्पोर्टस डेस्क, 15 फरवरी 2026:
T20 विश्व कप 2026 में भारत ने अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 61 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। रविवार को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 175 रन बनाए, जबकि जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम 18 ओवर में 114 रन पर सिमट गई। यह मौजूदा ICC Men’s T20 World Cup 2026 में भारत की लगातार तीसरी जीत रही। इस जीत के साथ सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम इंडिया ग्रुप-ए की अंक तालिका में टॉप पर रहते हुए सुपर-8 में पहुंच गई।
भारत की मजबूत बल्लेबाजी, किशन ने दिलाई रफ्तार
टॉस जीतकर पाकिस्तान ने भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। भारतीय टीम को आक्रामक शुरुआत मिली और मध्य ओवरों में रन गति बनाए रखी। विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने तूफानी अंदाज में अर्धशतक जड़ते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने उपयोगी साझेदारियां कीं और अंतिम ओवरों में तेज रन जोड़कर भारत ने 175 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।

भारतीय गेंदबाजों की आंधी में तिनके की तरह बिखर गई पाकिस्तान की बल्लेबाजी
176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। पहले ही ओवर में हार्दिक पांड्या ने साहिबजादा फरहान को आउट कर भारत को सफलता दिलाई। इसके बाद दूसरे ओवर में जसप्रीत बुमराह ने सईम अयूब और कप्तान सलमान अली आगा को पवेलियन भेजकर पाकिस्तान को बैकफुट पर धकेल दिया। शुरुआती झटकों से टीम उबर नहीं सकी और लगातार अंतराल पर विकेट गिरते रहे।
बाबर भी नहीं संभाल सके पारी
पाकिस्तान के अनुभवी बल्लेबाज बाबर आजम भी बड़ी पारी खेलने में असफल रहे और जल्दी आउट हो गए। इससे पाकिस्तान की वापसी की उम्मीद लगभग खत्म हो गई।

उस्मान खान का संघर्ष रहा बेकार
पाकिस्तान की ओर से उस्मान खान ने 44 रन की जुझारू पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से सहयोग नहीं मिला। टीम के सात बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके, जिससे रनचेज पूरी तरह पटरी से उतर गया।
भारतीय गेंदबाजों का दिखा जलवा
भारतीय गेंदबाजों ने शानदार अनुशासन के साथ गेंदबाजी की। हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने दो-दो विकेट लेकर पाकिस्तान की कमर तोड़ दी, जबकि कुलदीप यादव और तिलक वर्मा को एक-एक सफलता मिली।
मैच का टर्निंग पॉइंट और असर
पारी के शुरुआती दो ओवरों में पाकिस्तान के तीन विकेट गिरना मैच का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। इसके बाद भारतीय टीम ने मैच पर पूरी पकड़ बनाए रखी। लगातार तीसरी जीत के साथ भारत का नेट रन रेट भी मजबूत हुआ और टीम खिताब की प्रबल दावेदार बनकर उभरी है, जबकि पाकिस्तान के लिए आगे का सफर कांटो भरा हो गया है।







