Sports

T20 World Cup : न्यूजीलैंड फाइनल में, दक्षिण अफ्रीका का सपना टूटा, भारत-इंग्लैंड का आज होगा हाईवोल्टेज मुकाबला

सीफर्ट और एलेन की तूफानी साझेदारी से कीवी टीम खिताब से एक कदम दूर, एलेन ने 33 गेंदों पर जड़ा शतक, 12.5 ओवर में चेज किया टॉरगेट, फाइनल में भारत व इंग्लैंड के बीच आज होने वाले दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम से न्यूजीलैंड का होगा सामना

स्पोर्ट्स डेस्क, 5 मार्च 2026:

कोलकाता में खेले गए पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को एकतरफा अंदाज में हराकर टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में जगह बना ली। टिम सीफर्ट और फिन एलेन की विस्फोटक बल्लेबाजी के सामने दक्षिण अफ्रीका की गेंदबाजी बेअसर नजर आई।

न्यूजीलैंड ने 170 रन के लक्ष्य को सिर्फ 12.5 ओवर में एक विकेट खोकर हासिल कर लिया। अब फाइनल में उसका सामना भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम से होगा। यह दूसरी बार है जब न्यूजीलैंड की टीम टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंची है। इससे पहले 2021 में भी टीम ने फाइनल में जगह बनाई थी, लेकिन खिताब से चूक गई थी। वहीं गत चैंपियन भारतीय टीम लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंचने से एक कदम दूर है। भारत का सामना आज मुंबई वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले सेमीफाइनल में इंग्लैंड से होगा। इससे पहले दोनों टीमों के बीच 2022 और 2024 में सेमीफाइनल की टक्कर हो चुकी है।

दक्षिण अफ्रीका की पारी लड़खड़ाई, यानसेन ने संभाला मोर्चा

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड ने शुरुआत से ही दबाव बनाया। ऑफ स्पिनर कोल मैकोंची ने दूसरे ओवर में क्विंटन डिकॉक और रेयान रिकेल्टन को लगातार दो गेंदों पर आउट कर दक्षिण अफ्रीका को बड़ा झटका दिया। रचिन रवींद्र ने भी कसी हुई गेंदबाजी की। उन्होंने एडेन मार्करम और डेविड मिलर को पवेलियन भेजकर मिडिल ऑर्डर की कमर तोड़ दी। डेवाल्ड ब्रेविस ने 27 गेंद में 34 रन बनाए, लेकिन वह पारी को लंबा नहीं खींच सके।

WhatsApp Image 2026-03-05 at 9.30.03 AM (1)

एक समय दक्षिण अफ्रीका का स्कोर पांच विकेट पर 77 रन था और टीम मुश्किल में दिख रही थी।
ऐसे में मार्को यानसेन ने दमदार बल्लेबाजी करते हुए पारी को संभाला। उन्होंने 30 गेंदों पर 55 रन बनाए और ट्रिस्टन स्टब्स के साथ 73 रन की अहम साझेदारी की। यानसेन ने पांच छक्के जड़े, जिनमें से कुछ दर्शक दीर्घा की ऊंची कतारों तक पहुंचे। अंतिम ओवरों में विकेट गिरने से दक्षिण अफ्रीका 20 ओवर में आठ विकेट पर 169 रन ही बना सकी।

सीफर्ट और एलेन की रिकॉर्ड साझेदारी

170 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टिम सीफर्ट और फिन एलेन ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 117 रन की साझेदारी हुई। टी20 विश्व कप के नॉकआउट मुकाबलों में यह दूसरी सबसे बड़ी शतकीय साझेदारी है। फिन ने 33 गेंदों में ही सेंचुरी ठोंक दी। इससे पहले 2010 के फाइनल में इंग्लैंड के क्रैग कीसवेटर और केविन पीटरसन ने 111 रन जोड़े थे। इस सूची में सबसे ऊपर 2022 के सेमीफाइनल में जोस बटलर और एलेक्स हेल्स की 170 रन की नाबाद साझेदारी दर्ज है। सीफर्ट और एलेन ने अर्धशतक पूरे किए और रन गति को कभी धीमा नहीं होने दिया। न्यूजीलैंड ने 12.5 ओवर में ही 173 रन बनाकर मैच खत्म कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button