स्पोर्ट्स डेस्क, 21 मार्च 2026:
भारतीय टीम इस साल जून में आयरलैंड दौरे पर जाएगी। इस दौरान दोनों टीमों के बीच दो मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी। बीसीसीआई ने शनिवार को इसका कार्यक्रम जारी किया।
सीरीज के दोनों मुकाबले बेलफास्ट में खेले जाएंगे। पहला मैच 26 जून और दूसरा 28 जून को होगा। दोनों मुकाबले भारतीय समयानुसार शाम साढ़े सात बजे से शुरू होंगे। लंबे समय बाद भारत बेलफास्ट में खेलने उतरेगा। भारत इससे पहले 2018, 2022 और 2023 में भी आयरलैंड का दौरा कर चुका है। इस बार भी टीम छोटे लेकिन अहम टी20 सीरीज के लिए वहां जाएगी।
आईपीएल खत्म होने के बाद भारतीय टीम का कार्यक्रम काफी व्यस्त रहने वाला है। आयरलैंड दौरे से पहले टीम अफगानिस्तान के खिलाफ एक टेस्ट और तीन वनडे मैच खेलेगी। इसके बाद जुलाई में टीम इंग्लैंड दौरे पर जाएगी, जहां पांच टी20 और तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली जानी है। यह दौरा एक से 19 जुलाई के बीच प्रस्तावित है। आयरलैंड टीम में भी बदलाव देखने को मिल सकता है। टी20 कप्तानी छोड़ने के बाद नई लीडरशिप के साथ टीम भारत के खिलाफ मैदान में उतर सकती है।






