Hardoi City

होली मिलन समारोह में फीका पड़ा मनमुटाव का रंग…मंत्री ने सांसद से सुलह को बढ़ाया हाथ, ये कहा

आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल बोले, अगर मुझसे कोई गलती हुई है तो छोटा होने के नाते माफी मांगने को तैयार, नरेश अग्रवाल ने भी मतभेद भुलाकर साथ काम करने की जरूरत पर जोर दिया

नितेश चंद्र शुक्ला

हरदोई, 15 मार्च 2026:

शहर स्थित बारात घर में आयोजित होली मिलन समारोह में सियासी हलचल भी देखने को मिली। कार्यक्रम में सदर विधायक और प्रदेश सरकार में आबकारी एवं मद्य निषेध मंत्री नितिन अग्रवाल ने सांसद जयप्रकाश रावत के साथ चल रहे मतभेदों पर खुलकर अपनी बात रखी।

समारोह में पहुंचे वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व सांसद नरेश अग्रवाल की मौजूदगी में मंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा कि अगर सांसद जयप्रकाश रावत को लगता है कि उनसे कोई गलती हुई है या उन्होंने कभी उनका विरोध किया है, तो वह छोटे होने के नाते माफी मांगने को तैयार हैं।

WhatsApp Image 2026-03-15 at 8.52.23 AM

नितिन अग्रवाल ने कहा कि लोकसभा चुनाव में उनके परिवार और कार्यकर्ताओं ने सांसद को जिताने के लिए पूरा सहयोग दिया था, लेकिन कुछ लोगों ने दोनों नेताओं के बीच गलतफहमियां पैदा कर दीं। उनका कहना था कि व्यक्तिगत मतभेदों से ऊपर उठकर जनता के हित में काम करना ज्यादा जरूरी है।

मंत्री ने कहा कि अगर सांसद और वह मिलकर काम करें तो क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार मिल सकती है। केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार है, ऐसे में सभी जनप्रतिनिधियों को मिलकर योजनाओं को जमीन पर उतारना चाहिए ताकि आम लोगों को जल्दी फायदा मिल सके।

इस मौके पर वरिष्ठ नेता व मंत्री नितिन के पिता नरेश अग्रवाल ने भी आपसी मतभेदों को भुलाकर साथ काम करने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राजनीति में विचारों का मतभेद हो सकता है, लेकिन जनता के हित को सबसे ऊपर रखना चाहिए।

बता दें कि लोकसभा चुनाव के बाद से हरदोई की सियासत में सांसद जयप्रकाश रावत और मंत्री नितिन अग्रवाल के खेमों के बीच तनातनी की खबरें सामने आती रही हैं। दोनों नेताओं के बीच बयानबाजी भी हुई और लंबे समय से सार्वजनिक मंचों पर साथ नजर नहीं आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button