Sitapur City

पति से झगड़ा कर गुस्साई मां ने छह माह की बेटी को नहर में फेंका…शव मिला, महिला गिरफ्तार

हुसैनगंज में हुई घटना, बच्ची को बचाने के लिए ग्रामीण नहर में कूदे, पति ने बाद में पत्नी को मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया, एक घंटे बाद शव मिलने पर पति ने बदला सुर तो पुलिस ने दर्ज किया केस

सीतापुर, 15 मार्च 2026:

हुसैनगंज क्षेत्र में पति से हुए विवाद के बाद गुस्से में महिला ने अपनी छह माह की बेटी को नहर में फेंक दिया। ग्रामीणों ने करीब एक घंटे की तलाश के बाद बच्ची का शव नहर से बरामद किया। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

बताया गया कि हुसैनगंज क्षेत्र निवासी विपिन कुमार और उनकी पत्नी वंदना के बीच पिछले तीन दिनों से विवाद चल रहा था। शनिवार सुबह भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ। इसके बाद विपिन बाइक लेकर कहीं चला गया।

कुछ देर बाद वंदना अपनी छह माह की बेटी को गोद में लेकर घर से निकल गई। परिवार के लोगों ने समझा कि वह नाराज होकर कहीं जा रही है और थोड़ी देर में लौट आएगी। गांव से करीब दो सौ मीटर दूर बह रही नहर के पास पहुंचकर वंदना ने बच्ची को पानी में फेंक दिया। आसपास मौजूद लोगों ने घटना देखी तो शोर मच गया। तैरना जानने वाले कई ग्रामीण तुरंत नहर में कूद पड़े और बच्ची की तलाश शुरू कर दी।

WhatsApp Image 2026-03-15 at 8.47.19 AM

सूचना मिलने पर परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद बच्ची का शव नहर से बाहर निकाला गया। इस बीच वंदना बच्ची को नहर में फेंकने के बाद घर की ओर लौट रही थी। तभी विपिन भी बाइक से वापस आया और उसे लेकर घटनास्थल पर पहुंचा।

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और वंदना को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान विपिन ने पत्नी को मानसिक रूप से अस्वस्थ बताने की कोशिश की। हालांकि पुलिस ने जब इलाज से जुड़े दस्तावेज मांगे तो परिवार कोई रिकॉर्ड नहीं दिखा सका। पुलिस ने पति की तहरीर पर महिला के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

ये भी पढ़ें  पुलिस का हेयरकट, वर्दी पहनकर लेते थे लिफ्ट... छह पॉकेटमार दबोचे, अन्य की तलाश जारी

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link