अयोध्या, 16 मार्च 2026:
पहले रौनाही फिर कुमारगंज थाना क्षेत्र में पुलिस की वर्दी पहनकर गल्ला व्यापारियों से ठगी करने वाले एक जालसाज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी खुद को पुलिसकर्मी बताकर व्यापारियों को भरोसे में लेता था और उनसे पैसे ऐंठ लेता था। पुलिस पूछताछ में उसके कई कारनामे सामने आए हैं, जबकि गिरोह के अन्य साथियों की तलाश जारी है।
बता दें कि गत 26 फरवरी को कुमारगंज कस्बे के एक गल्ला व्यापारी अनिरुद्ध से करीब 50 हजार रुपये की ठगी की गई थी। आरोपी ने 9.5 क्विंटल सरसों खरीदने का सौदा किया और खुद को पुलिस से जुड़ा बताते हुए व्यापारी का विश्वास जीत लिया। इसके बाद उसने सरसों थाने तक पहुंचाने की बात कहकर नकद रकम ले ली और चाबी लाने का बहाना बनाकर मौके से फरार हो गया। इससे पहले इसी तरह सात फरवरी को रौनाही थाना गेट तक व्यापारी राधेश्याम को लाकर 40 हजार ठगे थे। उससे बताया था कि साहब की सरसों थाने पर रखी है आकर उठवा लो।
वर्दी पहनने और बेधड़क थाने आकर अंदर जाने की स्टाइल से व्यापारी भरोसा कर लेता था। जालसाज हेल्मेट पहनकर थाने में दाखिल होता था इसलिए उसकी पहचान करने में काफी पापड़ बेलने पड़े। मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की और जाल बिछाकर रविवार को इटौंजा पुल के पास से आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जितेंद्र बहादुर सिंह निवासी ग्राम नौसहरा, थाना परसपुर, जनपद गोंडा के रूप में हुई है।
पूछताछ में पता चला वह कई थाना क्षेत्रों में इसी तरह पुलिस बनकर ठगी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। पुलिस ने उसके कब्जे से 23 हजार रुपये नकद, फर्जी नंबर प्लेट लगी बाइक, काली-पीली सरसों के नमूने, सात फर्जी नंबर प्लेट, पुलिस की कैप और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।


