Uttar Pradesh

वित्त मंत्री ने साझा किए यूपी की तरक्की के 9 साल, कहा… कृषि, निवेश व महिला सशक्तिकरण में प्रदेश बना मिसाल

इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मीडिया के सामने रखा रिपोर्ट कार्ड, कृषि उत्पादन, गन्ना-एथेनॉल क्षेत्र और स्वास्थ्य-सुविधाओं में की सुधारों की जानकारी दी

लखनऊ, 24 मार्च 2026:

इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने सरकार के 9 साल पूरे होने पर उपलब्धियों का ब्यौरा दिया। मीडिया से रूबरू होकर उन्होंने कहा कि 2017 से डबल इंजन सरकार ने प्रदेश की कार्य संस्कृति, विकास दर और आर्थिक स्थिति में अहम सुधार किए हैं।

मंत्री ने बताया कि कृषि क्षेत्र की विकास दर 8% से बढ़कर 18% हो गई है। खेती योग्य जमीन का उपयोग 76% से बढ़कर 86% तक पहुंच गया। सत्ता में आते ही सरकार ने 86 लाख सीमांत किसानों का एक लाख रुपये तक का कर्ज माफ किया, जिससे उत्पादन में वृद्धि हुई।

उत्तर प्रदेश अब देश के कुल खाद्यान्न उत्पादन में लगभग 21% योगदान दे रहा है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत करीब 99 हजार करोड़ रुपये किसानों को वितरित किए गए हैं, जबकि फसल बीमा योजना से हजारों करोड़ रुपये का मुआवजा भी किसानों को मिला।

गन्ना क्षेत्रफल 2016-17 के 20.54 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 28.61 लाख हेक्टेयर हो गया है। गन्ने का न्यूनतम समर्थन मूल्य 400 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच चुका है। एथेनॉल उत्पादन 42 करोड़ लीटर से बढ़कर 187 करोड़ लीटर से अधिक हुआ है, जिससे रोजगार के अवसर बढ़े हैं।

महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में भी बड़े कदम उठाए गए हैं। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत 26.81 लाख बेटियों को लाभ मिला। मातृ वंदना योजना से 60 लाख से अधिक माताओं को सहायता दी गई। ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान से करोड़ों महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया गया। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना को ऑनलाइन और पारदर्शी बनाया गया।

सुरेश खन्ना ने कहा कि कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है। डकैती, लूट और हत्या जैसी घटनाओं में कमी आई है। साइबर क्राइम थानों का विस्तार हुआ और यूपी-112 की रिस्पॉन्स टाइम औसतन 6 मिनट 41 सेकंड कम हुई है, जिससे आपात स्थितियों में तेजी से मदद मिल रही है।

इंफ्रास्ट्रक्चर में भी प्रगति हुई है। 594 किलोमीटर लंबा गंगा एक्सप्रेसवे बनने से प्रयागराज से मेरठ की दूरी लगभग 5 घंटे में तय होगी। जेवर एयरपोर्ट जैसे प्रोजेक्ट्स से प्रदेश की कनेक्टिविटी और निवेश क्षमता बढ़ेगी। सरकार के प्रयासों से करीब 12 लाख करोड़ रुपये का निवेश जमीन पर आ गया है, जिसमें 4 लाख करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स शुरू हो चुके हैं। स्वास्थ्य क्षेत्र में मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़कर 81 हो गई है, जिसमें 45 सरकारी और 36 निजी कॉलेज शामिल हैं। एमबीबीएस सीटों में भी दोगुनी वृद्धि हुई।

मंत्री ने कहा कि पिछले 9 साल का कार्यकाल विकास, सुशासन और जनकल्याण के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में और अधिक निवेश आएगा और उत्तर प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था में अग्रणी भूमिका निभाएगा।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button