एंटरटेनमेंट डेस्क, 24 मार्च 2026:
रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर जोरदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म की सफलता के बीच सोशल मीडिया पर ‘धुरंधर 3’ को लेकर अटकलें तेज हो गई थीं। वायरल तस्वीरों में तीसरे पार्ट का नाम और रिलीज डेट तक बताई जा रही थी, जिससे फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ गई।
अब इन सभी चर्चाओं पर कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने विराम लगा दिया है। उन्होंने साफ कहा कि ‘धुरंधर 3’ फिलहाल नहीं बन रही है। एक बातचीत में उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर चल रही बातें सिर्फ अफवाह हैं। अगर भविष्य में कोई आधिकारिक घोषणा होगी तो उसे सार्वजनिक तौर पर साझा किया जाएगा।

दरअसल, ‘धुरंधर 2’ की रिलीज से पहले निर्देशक आदित्य धर ने दर्शकों से फिल्म खत्म होने के बाद भी क्रेडिट्स तक रुकने की अपील की थी। इसी के बाद यह कयास लगाए जाने लगे कि क्रेडिट्स के बाद तीसरे पार्ट की झलक दिखाई जाएगी। हालांकि ऐसा कुछ नहीं हुआ।
फिल्म के अंत में कहानी को एक मोड़ देकर छोड़ा गया है, जिससे आगे बढ़ाने की गुंजाइश बनी रहती है। इसी तरह का तरीका आजकल कई फ्रेंचाइजी फिल्मों में अपनाया जा रहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर अगली कड़ी जोड़ी जा सके।
इसी बीच सोशल मीडिया पर एक तस्वीर तेजी से वायरल हुई, जिसमें थिएटर स्क्रीन पर ‘धुरंधर द फाइनल चैप्टर’ लिखा नजर आया। इसके साथ 14 जून 2026 की रिलीज डेट भी बताई गई। जांच में यह दावा गलत निकला और फिल्म की टीम ने भी इसे खारिज कर दिया।






