एंटरटेनमेंट डेस्क, 2 अप्रैल 2026:
लंबे इंतजार के बाद ‘रामायण’ फिल्म का टीजर आखिरकार रिलीज हो गया। हनुमान जयंती के मौके पर आए इस टीजर में नितेश तिवारी की फिल्म से रणबीर कपूर का ‘राम’ वाला लुक पहली बार सामने आया है, जिसे लेकर फैंस में काफी उत्साह देखा जा रहा है।
फिल्म के सेट से पहले भी कुछ तस्वीरें लीक हुई थीं, लेकिन अब आधिकारिक टीजर आने के बाद लोगों को किरदार की साफ झलक मिल गई है। करीब 2 मिनट 38 सेकंड के इस टीजर की शुरुआत उस दौर से होती है, जब दुनिया में राक्षसों का आतंक दिखाया गया है। इसके बाद कहानी धीरे-धीरे राम के अवतार की ओर बढ़ती है। बैकग्राउंड में यह संदेश उभरता है कि जब भी दुनिया में संकट आएगा, राम उसका जवाब बनकर सामने आएंगे।
टीजर में राम के जीवन के अहम पड़ाव दिखाए गए हैं। इसमें सीता स्वयंवर से लेकर वनवास तक के दृश्य शामिल हैं। टीजर शेयर करते हुए एक नोट भी लिखा, जिसमें राम के त्याग, कर्तव्य और फैसलों को खास तौर पर याद किया गया है। टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा तेज हो गई है। बड़े बजट में बन रही इस फिल्म को लेकर पहले से ही काफी बज था और अब टीजर के बाद यह और बढ़ गया है। मेकर्स की योजना इसे दीवाली के मौके पर रिलीज करने की है।






