बाराबंकी, 4 फरवरी 2026:
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सटे जिले बाराबंकी के हैदरगढ़ क्षेत्र के प्रसिद्ध श्री अवसानेश्वर महादेव मंदिर में मंगलवार देर रात चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। अज्ञात चोर मंदिर के अंदर घुसकर सीधे गर्भगृह तक पहुंच गए और वहां से चांदी का छत्र, करीब 8 किलो चांदी और अन्य महंगी पूजा सामग्री समेट ले गए। चोरी गई संपत्ति की कीमत लगभग 25 लाख रुपये मानी जा रही है। चोरों ने सीसीटीवी का डीवीआर भी चुरा लिया।
सुबह टूटा ताला देख मचा शोर
आज सुबह मंदिर पहुंचे पुजारी उस वक्त हैरान रह गए जब उन्होंने मंदिर का ताला टूटा हुआ और पूजा का सामान बिखरा देखा। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से सबूत जुटाने का काम शुरू किया गया।

मास्क पहनकर आए चोर, खंगाले जा रहे सीसीटीवी फुटेज
जांच के दौरान पता चला है कि चोरों ने मंदिर के चैनल गेट का ताला तोड़कर प्रवेश किया था। शुरुआती संकेतों में सामने आया है कि वारदात के समय एक चोर ने मंकी मास्क पहन रखा था ताकि उसकी पहचान न हो सके। हैदरगढ़ के थाना प्रभारी अभिमन्यु मल्ल के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।
लगातार हो रही चोरी से सुरक्षा पर सवाल
यह घटना जिले में मंदिरों को निशाना बनाए जाने की बढ़ती घटनाओं की ओर इशारा करती है। आज ही बड्डूपुर थाना क्षेत्र के भगौली तीर्थ स्थित एक मंदिर से भी पूजा सामग्री चोरी होने की सूचना मिली है। बीते एक महीने में कई मंदिरों में चोरी हो चुकी है, जिससे धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।






