Sports

U19 विश्वकप: भारत ने फिसड्डी पाकिस्तान को किया ढेर… सेमीफाइनल में एंट्री, अब इस टीम से होगा मुकाबला

भारत ने अंडर-19 विश्व कप में पाकिस्तान को 58 रनों से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया, जबकि पाकिस्तान की टीम 194 रन पर ऑलआउट होकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई

खेल डेस्क, 2 फरवरी 2026:

आईसीसी अंडर-19 विश्व कप के सुपर सिक्स मुकाबले में भारत ने अपने दबदबे और शानदार खेल के साथ पाकिस्तान को 58 रनों से मात देकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली। इस मुकाबले ने सिर्फ भारतीय टीम की ताकत नहीं दिखाई, बल्कि पाकिस्तान की कमजोर रणनीति और बैटिंग में बड़ी खामियों को भी बेधड़क उजागर कर दिया। भारत के युवा खिलाड़ियों ने बल्ले और गेंद दोनों से मैच पर अपना कब्जा जमाया, जिससे यह मुकाबला पूरी तरह भारत के नाम रहा।

टॉस हारकर बल्लेबाजी में उतरी भारत

जिम्बाब्वे के बुलावायो में रविवार को खेले गए इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारत की अंडर-19 टीम ने 252 रन बनाए। पाकिस्तान को 33.3 ओवर में 253 रन बनाने थे ताकि सेमीफाइनल का टिकट पक्का हो और उनका नेट रन रेट बेहतर रहे। लेकिन पाकिस्तान की टीम केवल 194 रन पर ही ऑलआउट हो गई।

WhatsApp Image 2026-02-02 at 1.17.10 PM

कनिष्क चौहान बने भारत के हीरो

भारत के युवा ऑलराउंडर कनिष्क चौहान ने बल्ले और गेंद दोनों से पाकिस्तान की कमर तोड़ दी। निचले क्रम में 29 गेंदों में 35 रन बनाने के बाद उन्होंने 10 ओवर में सिर्फ 30 रन देकर पाकिस्तान की रनगति पर रोक लगा दी। अंतिम ओवरों में खिलान पटेल (21*) के साथ मिलकर आठवें विकेट के लिए 50 रन जोड़कर उन्होंने पाकिस्तान के हौसले पूरी तरह तोड़ दिए।

भारत के सामने पाकिस्तान की बल्लेबाजी बिखरी

253 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम धीमी गति से खेलती नजर आई। पिच पर स्पिनरों को मदद मिलने के बाद उनकी बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई। भारत के कप्तान आयुष म्हात्रे (3/21) और खिलान पटेल (3/35) ने बीच के ओवरों में पाकिस्तान की उम्मीदों पर ब्रेक लगा दिया। एशिया कप के हीरो समीयर मिन्हास भी रन नहीं बना सके और जल्दी आउट हो गए।

भारतीय गेंदबाजी के आगे बेबस पाकिस्तान

भारत की गेंदबाजी ने पाकिस्तान को कोई मौका नहीं दिया। विकेट गिरते गए और रन बनना मुश्किल हो गया। पाकिस्तान की पूरी टीम 46.2 ओवर में केवल 194 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत ने इस मुकाबले में 58 रनों से बड़ी जीत दर्ज की।

सेमीफाइनल में अफगानिस्तान से होगा भारत का सामना

इस जीत के साथ भारत अंडर-19 टीम सेमीफाइनल में प्रवेश कर चुकी है। अब दूसरे सेमीफाइनल में भारत का मुकाबला अफगानिस्तान से होगा। यह मैच 4 फरवरी को दोपहर 1 बजे हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। पहले सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड आमने-सामने होंगे, जो 3 फरवरी को दोपहर 1 बजे बुलवायो में खेला जाएगा। वहीं पाकिस्तान का विश्व कप सफर यहीं समाप्त हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button