OTT पर नंबर वन स्टार बने रविकिशन… सर्वे में दिग्गजों को पीछे छोड़ा, उपलब्धि पर ये कहा
देश भर में ओटीटी प्लेटफार्म पर सक्रिय दर्शकों के बीच कराया गया सर्वे, अनिल कपूर व मनोज बाजपेई से लोकप्रियता में आगे निकले
गोरखपुर, 2 फरवरी 2026:
गोरखपुर से सांसद और अभिनेता रवि किशन शुक्ला ने एक राष्ट्रीय स्तर के सर्वे में बड़ी कामयाबी हासिल की है। देशभर के ओटीटी दर्शकों की राय पर आधारित इस सर्वे में उन्हें भारत का सबसे लोकप्रिय ओटीटी स्टार चुना गया है।
16.1 प्रतिशत दर्शकों की पहली पसंद बने रवि किशन
सर्वे के नतीजों के मुताबिक 16.1 प्रतिशत ओटीटी दर्शकों ने रवि किशन शुक्ला को अपनी पहली पसंद बताया। इस मामले में उन्होंने नवाजुद्दीन सिद्दीकी, मनोज बाजपेयी, बॉबी देओल और अनिल कपूर जैसे दिग्गज कलाकारों को पीछे छोड़ दिया। यह सर्वे देश के विभिन्न ओटीटी प्लेटफॉर्म पर सक्रिय दर्शकों के बीच कराया गया था।
भोजपुरी सिनेमा से ओटीटी तक मजबूत पहचान
भोजपुरी सिनेमा से अपने करियर की शुरुआत करने वाले रवि किशन शुक्ला ने हिंदी फिल्मों, वेब सीरीज और हालिया फिल्म लापता लेडीज़ में अपने दमदार अभिनय से अलग पहचान बनाई है। उनकी अदाकारी को ओटीटी दर्शकों के बीच खास पसंद किया जा रहा है।
सांसद रहते हुए भी ओटीटी पर पकड़ कायम
सांसद के रूप में सक्रिय जनसेवा निभाने के साथ-साथ रवि किशन ने ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। अभिनय और राजनीति दोनों क्षेत्रों में उनकी सक्रियता उन्हें एक प्रभावशाली राष्ट्रीय चेहरा बनाती है।
दर्शकों के भरोसे को बताया सबसे बड़ी पूंजी
इस उपलब्धि पर अपने एक्स अकाउंट पर प्रतिक्रिया देते हुए रवि किशन शुक्ला ने कहा कि धन्यवाद समस्त भारत का अपना प्यार आशीर्वाद कलाकार के रूप में आप सब 35 वर्षों से दे रहे थे। आज आपने ott platform का No. 1 star बना दिया निशब्द हूं।






