Uttar Pradesh

गैस न मिलने पर घर में जला चूल्हा… टूटा पत्नी का सब्र, बच्चों व पति को छोड़ चली गई मायके

पति ने गैस एजेंसी पर ठीकरा फोड़ा, कहा 12 मार्च को सिलेंडर खत्म हुआ तो एजेंसी ने दो मार्च को ही सिलेंडर की बुकिंग पूरी होने का झूठ बोला

मैनपुरी, 19 मार्च 2026:

यूपी में गैस सिलेंडर की किल्लत अब घरों में तनाव की वजह बनने लगी है। मैनपुरी जिले में एक ऐसा ही मामला सामने आया, जहां सिलेंडर नहीं मिलने से परेशान होकर एक महिला अपने दो बच्चों और पति को छोड़कर मायके चली गई। पति ने गैस एजेंसी पर फ्रॉड करने का आरोप लगाया है।

यह मामला बेवर कस्बे के जीटी रोड इलाके का है। यहां रहने वाले शिव शंकर अग्रवाल का गैस सिलेंडर 12 मार्च को खत्म हो गया था। अगले दिन वह एजेंसी पर सिलेंडर लेने पहुंचे और बुकिंग कराई, लेकिन मोबाइल पर जो मैसेज आया उसने उन्हें चौंका दिया। मैसेज में लिखा था कि उनकी बुकिंग 2 मार्च को ही पूरी हो चुकी है। इस दौरान मिट्टी का चूल्हा जलाकर काम चलता रहा।

शिव शंकर का कहना है कि उन्होंने न तो 2 मार्च को बुकिंग कराई थी और न ही कोई सिलेंडर लिया था। ऐसे में सिलेंडर किसे दिया गया, यह सवाल उन्होंने एजेंसी से उठाया, लेकिन कोई साफ जवाब नहीं मिला। घर में गैस खत्म होने के बाद उनकी पत्नी रचना ने कुछ दिन तक मिट्टी के चूल्हे पर खाना बनाया, लेकिन धीरे-धीरे हालात से उसका सब्र जवाब देने लगा। उसने पति से साफ कहा कि किसी भी तरह सिलेंडर लेकर आएं। जब समस्या हल नहीं हुई तो वह नाराज होकर मायके सौरिख चली गईं।

इस घटना के बाद परिवार में तनाव का माहौल है। उधर, शिव शंकर ने गैस एजेंसी पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बिना बुकिंग के सिलिंडर जारी होना गंभीर गड़बड़ी है। इलाके में लोग भी गैस सप्लाई को लेकर शिकायत कर रहे हैं। कई जगहों पर समय पर सिलिंडर न मिलने और गलत मैसेज आने की बातें सामने आ रही हैं, जिससे उपभोक्ताओं को दिक्कत उठानी पड़ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button