Uttar Pradesh

अयोध्या पहुंचे केंद्रीय मंत्री शिवराज, हनुमानगढ़ी में हाजिरी लगाई, रामलला के दरबार में की पूजा-अर्चना

एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से किया स्वागत, तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव के साथ किया पूरे मंदिर का भ्रमण, कहा कि प्रभु श्रीराम हमारे अस्तित्व और आस्था के केंद्र

अयोध्या, 26 फरवरी 2026:

केंद्रीय कृषि, किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज चौहान गुरुवार को अपने परिवार के साथ रामनगरी पहुंचे। अयोध्या के एयरपोर्ट पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। एयरपोर्ट से सीधे वे अयोध्या के एक होटल पहुंचे, जहां थोड़े विश्राम के बाद धार्मिक स्थलों के दर्शन का क्रम शुरू हुआ।

दोपहर ढाई बजे के करीब केंद्रीय मंत्री हनुमानगढ़ी पहुंचे और उन्होंने विधिवत दर्शन-पूजन किया। इसके बाद करीब 3:15 बजे वे राम जन्मभूमि परिसर स्थित भव्य मंदिर पहुंचे। रामलला के दरबार में लगभग आधे घंटे तक पूजा-अर्चना की। मंदिर की दिव्य भव्यता और अलौकिक स्थापत्य को निहारते हुए वे भाव-विभोर नजर आए।

WhatsApp Image 2026-02-26 at 4.29.37 PM

मंदिर परिसर में तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपतराय ने उनका सत्कार किया और पूरे मंदिर का भ्रमण कराया। इस दौरान ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा भी उनके साथ मौजूद रहे। दर्शन के उपरांत शिवराज चौहान ने कहा कि प्रभु श्रीराम हमारे अस्तित्व और आस्था के केंद्र हैं। वे हमारे रोम-रोम में बसे हैं। रामलला के दर्शन करना उनके लिए परम सौभाग्य की अनुभूति है। उन्होंने यह भी कहा कि अयोध्या की आध्यात्मिक ऊर्जा मन को अद्भुत शांति देती है।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके शिवराज शाम को सरयू नदी की भव्य आरती में शामिल होंगे। इसके बाद उनका वाराणसी जाने का कार्यक्रम है। अयोध्या में उनके आगमन से धार्मिक माहौल और भी उल्लासमय हो गया है। शहर के श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button