
अंशुल मौर्य
वाराणसी, 7 दिसंबर 2024 :
स्वर्वेद महामंदिर में आयोजित विहंगम योग संत समाज के शताब्दी समारोह में पहुंचे यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सच्चा संत और सच्चा योगी कभी भी हाथ पर हाथ धरे बैठा नहीं रह सकता है। एक काम पूरा हुआ तो दूसरे पर लग जाना है। उन्होंने कहा कि हमारा हर काम देश और सनातन के नाम पर होना चाहिए। देश सुरक्षित तो हमारा धर्म सुरक्षित है। हमारा धर्म सुरक्षित है तो हम भी सुरक्षित हैं।

इस अवसर पर उन्होंने सदगुरु सदाफल महाराज की स्मृतियों को नमन किया। उनके योगदान को याद किया। कहा कि एक कुंभ काशी में है तो दूसरा महाकुंभ प्रयागराज में 13 जनवरी से प्रारंभ होने वाला है। प्रयागराज महाकुंभ को सांस्कृतिक धरोहर के रूप में मान्यता दिला दी है। योगी ने कहा कि यह वर्ष हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 22 जनवरी 2024 को 500 वर्षों का इंतजार समाप्त करते हुए अयोध्या में भव्य मंदिर में रामलला फिर से विराजमान हुए हैं।







