Lucknow CityUttar Pradesh

UP में Investment पर फ्रांस की दो दिग्गज कंपनियों की नजर, मक्का उद्योग को मिलेगी नई उड़ान!

रॉकेट ने मक्का आधारित उद्योगों में निवेश की संभावनाओं पर जताई सहमति, एडेइस भी औद्योगिक परियोजनाओं और तकनीकी सहयोग को लेकर उत्सुक, फर्रुखाबाद-कन्नौज के किसानों को मिल सकते हैं नए बाजार

लखनऊ, 21 अक्टूबर 2026:

यूपी को वैश्विक निवेश के बड़े केंद्र के रूप में स्थापित करने की प्रदेश सरकार की कोशिशों को फ्रांस से नई उम्मीद मिली है। फ्रांस की बहुराष्ट्रीय कंपनी रॉकेट (Roquette) ने यूपी में मक्का आधारित उद्योगों में निवेश की दिशा में सहमति व्यक्त की है। वहीं, इंजीनियरिंग और आधारभूत संरचना क्षेत्र की कंपनी एडेइस (Edeis) ने भी प्रदेश में औद्योगिक परियोजनाओं और तकनीकी सहयोग की संभावनाओं में रुचि दिखाई है। इन कंपनियों के साथ बातचीत से प्रदेश में कृषि आधारित उद्योगों के विस्तार और रोजगार सृजन की संभावनाएं मजबूत हुई हैं।

पेरिस स्थित भारतीय दूतावास में उत्तर प्रदेश सरकार के प्रतिनिधिमंडल और फ्रांसीसी कंपनियों के प्रतिनिधियों के बीच हुई उच्चस्तरीय बैठक में निवेश के अवसरों पर चर्चा हुई। अंतरराष्ट्रीय खाद्य प्रदर्शनी सियाल पेरिस-2026 में हिस्सा लेने गए प्रतिनिधिमंडल ने भारत सरकार के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय के सचिव अविनाश जोशी की मौजूदगी में रॉकेट के सीईओ थियरी फूर्निए और एडेइस के प्रतिनिधि क्रिस्टोफ मोनी से बातचीत की।

मक्का से उद्योगों तक, किसानों के लिए खुलेंगे नए अवसर

रॉकेट कृषि उत्पादों से स्टार्च, प्रोटीन और खाद्य एवं औषधि उद्योगों में इस्तेमाल होने वाली सामग्री तैयार करने वाली प्रमुख वैश्विक कंपनी है। वर्ष 2025 में कंपनी का कारोबार लगभग 4.9 अरब यूरो रहा। उसके 40 से अधिक उत्पादन केंद्र हैं और 150 से ज्यादा देशों में व्यावसायिक उपस्थिति है। बैठक में उत्तर प्रदेश में उपलब्ध नॉन-जीएमओ यानी आनुवंशिक रूप से संशोधित नहीं किए गए मक्का की आपूर्ति और उसके औद्योगिक इस्तेमाल की संभावनाओं पर विशेष चर्चा हुई। फर्रुखाबाद, कन्नौज सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में मक्का की उपलब्धता को निवेश के महत्वपूर्ण अवसर के रूप में प्रस्तुत किया गया।

ये भी पढ़ें:

यदि प्रस्तावित निवेश आगे बढ़ता है तो मक्का उत्पादक किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए नए औद्योगिक खरीदार मिल सकते हैं। इसके साथ ही मक्का की खरीद, भंडारण, परिवहन और प्रसंस्करण से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी विकसित हो सकते हैं।

Advertisement

एडेइस के साथ तकनीकी सहयोग की संभावनाएं

फ्रांस की एडेइस कंपनी के साथ औद्योगिक परियोजनाओं और आधारभूत संरचना के विकास में सहयोग पर विचार-विमर्श हुआ। कंपनी इंजीनियरिंग, डिजाइनिंग और परियोजना प्रबंधन के क्षेत्र में काम करती है। उसकी रुचि से प्रदेश में औद्योगिक इकाइयों के विकास और तकनीकी सहयोग के नए रास्ते खुलने की संभावना है।

निवेश के लिए यूपी की सुविधाओं पर फोकस

बैठक में प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के एक्सप्रेसवे नेटवर्क, औद्योगिक कॉरिडोर, लॉजिस्टिक्स सुविधाओं और निवेश मित्र सिंगल विंडो प्रणाली की जानकारी साझा की। सरकार की ओर से कृषि और उद्योग को जोड़कर स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग करने पर जोर दिया गया। उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के निदेशक जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि फ्रांसीसी कंपनियों के साथ वार्ता सकारात्मक रही है।

रॉकेट के प्रस्तावित निवेश से कृषि उत्पादों के औद्योगिक उपयोग को बढ़ावा देने और किसानों के लिए नए विपणन अवसर विकसित करने की संभावनाएं हैं। बैठक में मुख्यमंत्री कार्यालय के विशेष सचिव निखिल टीकाराम फुंडे, खाद्य प्रसंस्करण विभाग के विशेष सचिव राजकमल यादव और भारतीय दूतावास की प्रथम मंत्री (आर्थिक प्रभाग) रिचा गुलाटी सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  UP News : सरकार बनी नहीं, मंत्री पद बंटने लगा! ओमप्रकाश राजभर का अखिलेश पर हमला

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link