Lucknow CityNational

शहीदों के बलिदान और परिवारों के दर्द की कहानी कहेगी यूपी पुलिस की ‘वर्दी’

पुलिस स्मृति दिवस पर रिलीज हुई विशेष लघु फिल्म में अमित साध और अलका अमीन ने निभाई प्रमुख भूमिकाएं, कीर्ति चक्र विजेता शहीद निरीक्षक सुनील कुमार के साहस और उनके परिवार के संघर्ष को किया गया रेखांकित

लखनऊ, 22 अक्टूबर 2026:

देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले पुलिसकर्मियों के बलिदान को सलाम करने के साथ उनके परिवारों की भावनात्मक पीड़ा को सामने लाने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस ने विशेष पहल की है। पुलिस स्मृति दिवस-2026 के अवसर पर यूपी पुलिस ने ‘वर्दी’ शीर्षक से एक विशेष लघु फिल्म रिलीज की है। प्रख्यात फिल्म निर्देशक तिग्मांशु धूलिया के निर्देशन में बनी यह फिल्म शहीद जवानों के साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ उनके पीछे छूट गए परिवारों के जीवन में आए बदलावों और अपनों को खोने के दर्द को संवेदनशीलता से प्रस्तुत करती है।

डीजीपी राजीव कृष्ण के मार्गदर्शन में तैयार इस फिल्म को उत्तर प्रदेश पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया गया है। फिल्म में कीर्ति चक्र से सम्मानित यूपी एसटीएफ के शहीद निरीक्षक सुनील कुमार के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को विशेष रूप से रेखांकित किया गया है। इसके जरिए पुलिसकर्मियों के त्याग की गाथा आम लोगों तक पहुंचाने और पुलिस बल के जवानों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया गया है।

अपनों के लौटने का इंतजार और परिवारों का दर्द

‘वर्दी’ केवल पुलिसकर्मियों की बहादुरी की कहानी नहीं है अपितु उन परिवारों की भावनाओं को भी सामने लाती है जिनके अपने देश की सुरक्षा करते हुए शहीद हो जाते हैं। फिल्म बताती है कि परिवारों को अपने प्रियजनों के बलिदान पर गर्व तो होता है लेकिन उनकी अनुपस्थिति से पैदा हुआ खालीपन और भावनात्मक संघर्ष जीवनभर साथ रहता है। शहीदों के परिवारों का मौन इंतजार और मन की पीड़ा फिल्म का प्रमुख भाव है।

ये भी पढ़ें:

फिल्म का निर्देशन फिल्मफेयर पुरस्कार से सम्मानित तिग्मांशु धूलिया ने किया है। इसमें अभिनेता अमित साध, वरिष्ठ टेलीविजन अभिनेत्री अलका अमीन और नाजिश खान ने प्रमुख भूमिकाएं निभाई हैं। फिल्म की स्क्रिप्ट और वॉयस ओवर यूपी पुलिस के सोशल मीडिया सेंटर में तैनात आरक्षी कपिल दिनकर ने तैयार किया है जबकि क्रिएटिव डायरेक्शन डीजीपी के पीआरओ एवं एसपी राहुल श्रीवास्तव ने संभाला है। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, उत्तर प्रदेश के सहयोग से बनी फिल्म की शूटिंग मुंबई में हुई है।

Advertisement

मुठभेड़ में शहीद हुए थे निरीक्षक सुनील कुमार

20-21 जनवरी 2025 की रात शामली में मुकीम काला गैंग के बदमाशों के साथ मुठभेड़ के दौरान एसटीएफ के निरीक्षक सुनील कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायल होने के बावजूद उन्होंने टीम का नेतृत्व जारी रखा। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक लाख रुपये के इनामी बदमाश अरशद समेत चार बदमाश मारे गए। मुठभेड़ में लगी गोलियों के कारण सुनील कुमार 22 जनवरी 2025 को शहीद हो गए।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक अक्टूबर को उनकी पत्नी मुनेश देवी को नकद धनराशि और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया था। फिल्म ‘वर्दी’ के जरिए यूपी पुलिस ने यह संदेश देने की कोशिश की है कि वर्दी पहनने वाले जवानों का बलिदान केवल उनका व्यक्तिगत त्याग नहीं अपितु उनके पूरे परिवार के जीवन को बदल देने वाली घटना भी है।

‘पान सिंह तोमर’ के निर्देशक ने संभाली कमान

तिग्मांशु धूलिया ‘हासिल’, ‘पान सिंह तोमर’, ‘साहेब बीवी और गैंगस्टर’ और ‘राग देश’ जैसी फिल्मों के लिए चर्चित हैं। उनकी फिल्म ‘पान सिंह तोमर’ को 60वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का सम्मान मिला था। वहीं, अमित साध ‘काई पो छे!’, ‘सुल्तान’ और ‘गोल्ड’ जैसी फिल्मों तथा ‘ब्रीद’ जैसी वेब सीरीज में अपने अभिनय के लिए पहचाने जाते हैं। ‘वर्दी’ के माध्यम से यूपी पुलिस ने शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ उनकी कुर्बानी और परिवारों के जज्बे को समाज के सामने लाने का प्रयास किया है।

ये भी पढ़ें  तिरंगा यात्रा: मंत्री मनोज पांडेय का युवाओं से संवाद, शिवपाल-राहुल पर जमकर बरसे

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link