Lucknow CityUttar Pradesh

UP Politics : सपा के तीन बागी MLA बने भाजपाई, अमेठी में पंकज चौधरी व स्मृति की मौजूदगी में ली सदस्यता

राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने वाले राकेश प्रताप सिंह, अभय सिंह और विनोद चतुर्वेदी ने थामा दामन, पंकज चौधरी ने अखिलेश पर साधा निशाना, स्मृति ईरानी ने कांग्रेस को घेरा

लखनऊ/अमेठी, 14 अक्टूबर 2026:

यूपी की सियासत में बुधवार को बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया। समाजवादी पार्टी के तीन बागी विधायक राकेश प्रताप सिंह, अभय सिंह और विनोद चतुर्वेदी भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। अमेठी में आयोजित सदस्यता ग्रहण समारोह में तीनों विधायकों ने भाजपा का टोल फ्री नंबर डायल कर पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ली। इसके बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने पार्टी की राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी की मौजूदगी में तीनों को पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया। इस मौके पर भाजपा नेताओं ने सपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।

सत्ता के लिए इतना नीचे न गिरें अखिलेश : पंकज चौधरी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्हें सत्ता के लिए इतना नीचे नहीं गिरना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश पहले अपने पिता और चाचा का अपमान कर चुके हैं और अब उत्तर प्रदेश का अपमान कर रहे हैं। चौधरी ने कहा कि दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान उत्तर प्रदेश के युवकों के साथ मारपीट किए जाने संबंधी बयान पर जनता उन्हें जवाब देगी। उन्होंने दावा किया कि इस बार जनता सपा को सबक सिखाएगी।

स्मृति ईरानी ने कांग्रेस पर कसा तंज

भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष चाहे जितने दलों को एकजुट कर अपने ‘राजकुमार’ को ‘शहंशाह’ बनाने की कोशिश कर ले, उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की चुनावी स्थिति नहीं बदल रही। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस लगातार नौ विधानसभा चुनाव हारती आ रही है। अमेठी का जिक्र करते हुए ईरानी ने कहा कि जो परिवार अपने दम पर इस क्षेत्र में चुनाव नहीं लड़ सकता, वह अपने दम पर देश का नेतृत्व कैसे कर सकता है।

ये भी पढ़ें:

up-politics-three-rebel-sp-mlas-join-bjp-amethi-pankaj-chaudhary-smriti-irani (2)

Advertisement

अभय सिंह बोले- रामचरितमानस के मुद्दे पर आहत था मन

भाजपा में शामिल होने के बाद राकेश प्रताप सिंह ने कहा, ‘मैं भाजपा में विधायक बनने नहीं आया हूं, भाजपा का विधायक बनाने आया हूं।’ वहीं, अभय सिंह ने कहा कि रामचरितमानस जलाए जाने की घटना पर सपा की ओर से विरोध नहीं किए जाने से उनका मन आहत हुआ था। इसी कारण उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला किया।

राज्यसभा चुनाव में सात विधायकों ने की थी बगावत

मालूम हो कि फरवरी 2024 में हुए राज्यसभा चुनाव के दौरान सपा के सात विधायकों मनोज पांडेय, पूजा पाल, राकेश प्रताप सिंह, अभय सिंह, विनोद चतुर्वेदी, राकेश पांडेय और आशुतोष मौर्य ने पार्टी लाइन से हटकर भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में क्रॉस वोटिंग की थी। इन विधायकों ने वर्ष 2022 का विधानसभा चुनाव सपा के टिकट पर जीता था।

ये भी पढ़ें  अमीनाबाद इंटर कॉलेज ने खोले बेटियों के लिए दरवाजे, 139 साल पुराने संस्थान में पहली बार होगा प्रवेश

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link