Lucknow City

UP Special TET 2026 : हजारों शिक्षकों पर इम्तिहान का दबाव, आवेदन शुरू, 3 नवंबर को परीक्षा

सरकारी प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूल के सभी शिक्षकों के लिए टीईटी अनिवार्य, 4 अक्तूबर तक आवेदन, पहले ओटीआर, फिर परीक्षा फॉर्म, अंतिम सबमिशन के बाद नहीं मिलेगा सुधार का मौका

लखनऊ, 5 सितंबर 2026:

यूपी के सरकारी स्कूलों में कार्यरत उन हजारों शिक्षकों के लिए आज से परीक्षा की उलटी गिनती शुरू हो गई है जिन्हें सेवा में बने रहने के लिए टीईटी की अनिवार्य शर्त पूरी करनी है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने कार्यरत शिक्षकों के लिए विशेष अध्यापक पात्रता परीक्षा (स्पेशल टीईटी) की आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। अभ्यर्थी 4 अक्तूबर तक ऑनलाइन आवेदन और शुल्क जमा कर सकेंगे। परीक्षा 3 नवंबर को आयोजित होगी।

यह परीक्षा सामान्य टीईटी से अलग है। इसका मकसद खास तौर पर पहले से कार्यरत शिक्षकों को टीईटी उत्तीर्ण करने का अवसर देना है। सरकारी प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर पर कार्यरत शिक्षक इसमें आवेदन कर सकते हैं। इसके साथ ही विशेष शिक्षक (सीडब्ल्यूएसएन) भी परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।

इन शिक्षकों के सामने चुनौती

ये भी पढ़ें:

प्रदेश में 1.80 लाख से अधिक परिषदीय शिक्षक कार्यरत हैं। इनमें करीब एक लाख शिक्षक 26 अगस्त को घोषित यूपीटीईटी परिणाम में सफल हो चुके हैं। इसके बावजूद 80 हजार से अधिक शिक्षक अभी टीईटी की अनिवार्य शर्त पूरी नहीं कर पाए हैं। ऐसे शिक्षकों के लिए स्पेशल टीईटी महज एक परीक्षा नहीं अपितु सेवा में बने रहने की शर्त पूरी करने का अहम मौका है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद सभी शिक्षकों के लिए भी टीईटी पास करना जरूरी किया गया है। ऐसे में इस परीक्षा को लेकर शिक्षकों की निगाहें आवेदन प्रक्रिया और परीक्षा की तैयारियों पर टिकी हैं।

up-special-tet-2026-application-exam-date (2)

पहले ओटीआर, तभी भर पाएंगे परीक्षा फॉर्म

स्पेशल टीईटी का आवेदन सीधे शुरू नहीं होगा। अभ्यर्थियों को सबसे पहले आयोग की वेबसाइट पर वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) पूरा करना होगा। ओटीआर के बाद मिलने वाले लॉगिन विवरण के जरिए परीक्षा का ऑनलाइन फॉर्म भरा जा सकेगा।

फॉर्म भरते समय नाम, पता, जन्मतिथि, शैक्षणिक योग्यता और रोजगार से संबंधित जानकारी मूल दस्तावेजों के अनुसार ही दर्ज करनी होगी। जिस योग्यता के आधार पर पात्रता का दावा किया जा रहा है, उसकी अंतिम मार्कशीट अथवा डिग्री/प्रमाणपत्र तैयार रखना होगा। इसके अलावा पासपोर्ट साइज फोटो और हस्ताक्षर की डिजिटल प्रति भी पहले से तैयार रखना बेहतर होगा।

एक गलती पड़ सकती है भारी

आवेदन को अंतिम रूप से सबमिट करने से पहले प्रत्येक विवरण की अच्छी तरह जांच करना जरूरी है। आधिकारिक आवेदन मैनुअल के मुताबिक अंतिम सबमिशन के बाद आवेदन में बदलाव की अनुमति नहीं होगी। इसलिए नाम, जन्मतिथि, शैक्षणिक योग्यता और रोजगार संबंधी विवरण भरते समय विशेष सावधानी बरतनी होगी।

आवेदन की अंतिम तारीख 4 अक्तूबर और संशोधन की अंतिम तारीख 8 अक्तूबर है। परीक्षा 3 नवंबर को होगी। शिक्षकों के लिए समय रहते ओटीआर पूरा कर आवेदन करना इसलिए भी जरूरी है, क्योंकि अंतिम दिनों में वेबसाइट पर बढ़ने वाले दबाव से तकनीकी परेशानी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

ये भी पढ़ें  किशोरी का अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग... धर्मांतरण का बनाया दबाव, आरोपी गिरफ्तार

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button