
बाराबंकी, 5 सितंबर 2026:
यूपी के कई जिलों में सर्वोदय व नवोदय विद्यालयों की व्यवस्थाओं को लेकर जेन अल्फा के विरोध प्रदर्शन के बाद अब अफसर जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं की जांच कर रहे हैं। इसी सिलसिले में बाराबंकी में डीएम ईशान प्रताप सिंह एसपी अर्पित विजयवर्गीय के साथ कस्तूरबा आवासीय विद्यालय से जुड़े राजकीय बालिका छात्रावास पहुंचे। दोनों अफसरों ने करीब दो घंटे तक छात्रावास में रहकर व्यवस्थाएं देखीं। छात्राओं से सीधे बातचीत की, उनकी समस्याएं पूछीं, फिर उनके साथ बैठकर दोपहर का खाना खाकर भोजन की गुणवत्ता भी परखी।
विरोध प्रदर्शनों के बाद बढ़ी अफसरों की सक्रियता
यूपी के कई जिलों में सर्वोदय व नवोदय विद्यालयों को लेकर जेन अल्फा के प्रदर्शन सामने आने के बाद स्कूलों की व्यवस्थाओं पर अफसरों की नजर बढ़ी है। अब निरीक्षण सिर्फ कागजी रिपोर्ट तक सीमित नहीं है। हालांकि बाराबंकी में किसी विद्यालय में कोई मामला सामने नहीं आया था मगर अफसर खुद मौके पर पहुंचकर छात्र-छात्राओं से बातचीत कर रहे हैं, उन्हें मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ले रहे हैं। इसी कड़ी में बाराबंकी में आज यह निरीक्षण हुआ।
दोपहर में अचानक छात्रावास पहुंचे DM-SP
दोनों अफसर तहसील सिरौलीगौसपुर के महमूदाबाद स्थित राजकीय बालिका छात्रावास शनिवार दोपहर करीब एक बजे पहुंचे। करीब दो घंटे तक चले निरीक्षण में साफ-सफाई, कमरे, शौचालय समेत छात्राओं को मिलने वाली दूसरी जरूरी सुविधाओं को देखा गया। डीएम कक्षाओं में पहुंचे तो छात्राओं से पढ़ाई को लेकर बातचीत की। उनसे सामान्य ज्ञान से जुड़े सवाल पूछे गए। छात्राओं ने जवाब दिए। इसके बाद डीएम ने उनकी पढ़ाई से जुड़ी स्थिति के साथ हॉस्टल में मिल रही सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली। छात्राओं से उनकी निजी समस्याएं भी पूछी गईं।

जो दिक्कत बताई, उसे दूर करने के निर्देश
बातचीत के दौरान छात्राओं ने अपनी कुछ समस्याएं अफसरों के सामने रखीं। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर मिली कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्राओं की रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी व्यवस्थाओं को भी देखा।
छात्राओं के साथ बैठकर खाया खाना
निरीक्षण के दौरान डीएम व एसपी छात्राओं के साथ बैठकर दोपहर का भोजन करने लगे। दोनों अफसरों ने खुद खाना खाकर उसकी गुणवत्ता परखी। छात्राओं से भी भोजन के स्वाद, गुणवत्ता व पोषण को लेकर जानकारी ली गई। इस दौरान यह जानने की कोशिश की गई कि उन्हें रोजाना किस तरह का खाना मिल रहा है।
आंखों की जांच के बाद बांटे चश्मे
राजकीय बालिका छात्रावास में स्वास्थ्य विभाग की तरफ से नि:शुल्क आंखों की जांच के लिए हेल्थ कैंप भी लगाया गया था। जांच के दौरान जिन छात्राओं को चश्मे की जरूरत मिली, उन्हें डीएम ने मौके पर चश्मे वितरित किए। डीएम ने कहा कि कस्तूरबा विद्यालयों में अच्छी और बेहतर व्यवस्था बनी रहे। इसी उद्देश्य से आज निरीक्षण किया गया है।






