नोयडा, 26 मार्च 2026:
यूपी के नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के 28 मार्च को प्रस्तावित भव्य लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा किए जाने वाले लोकार्पण को ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ हर व्यवस्था को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है। कार्यक्रम को लेकर सभी संबंधित विभागों को सौंपे गए दायित्वों पर तेजी से काम पूरा किया जा रहा है।
यह महत्वाकांक्षी परियोजना सीएम योगी की सक्रिय भूमिका और दूरदर्शी विजन का परिणाम मानी जा रही है। उनके निरंतर प्रयासों से साकार हो रहा यह एयरपोर्ट प्रदेश के विकास का एक बड़ा प्रतीक बनकर उभर रहा है। प्रशासनिक स्तर पर हुई कई दौर की समीक्षा बैठकों के बाद अब सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों को जमीन पर उतारने में लगे हैं।

लोकार्पण समारोह के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को बेहद सख्त किया गया है। सीसीटीवी कैमरों के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। कंट्रोल रूम से लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। इसके साथ ही ट्रैफिक प्रबंधन के लिए विशेष योजना तैयार की गई है जिससे कार्यक्रम के दौरान यातायात सुचारु बना रहे।
कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड, पार्किंग स्थल और आगमन-प्रस्थान मार्गों को पूरी तरह व्यवस्थित कर लिया गया है। साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और प्रकाश व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है। इसके अलावा चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन व्यवस्था, बैरिकेडिंग, साइनेज और पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम को भी अंतिम रूप दिया जा चुका है।
वीवीआईपी मेहमानों, जनप्रतिनिधियों, उद्योगपतियों, अधिकारियों और आमजन की संभावित बड़ी संख्या को देखते हुए सभी व्यवस्थाओं को उच्च स्तर पर तैयार किया गया है। प्रशासन यह सुनिश्चित करने में लगा है कि कार्यक्रम पूरी तरह सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हो।
प्रदेश सरकार इस एयरपोर्ट को निवेश, रोजगार और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के नए केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। यह परियोजना उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को भी नई गति देने वाली मानी जा रही है। सीएम योगी स्वयं तैयारियों की लगातार समीक्षा कर रहे हैं और हर अपडेट पर नजर बनाए हुए हैं।






