Dehradun News : डिग्री के बाद सिर्फ नौकरी नहीं, अपना कारोबार भी सोचें युवा, CM धामी ने UPES से दिया संदेश
दीक्षांत समारोह में 4,795 छात्रों को मिली डिग्रियां, AI, ग्रीन एनर्जी व डिजिटल टेक्नोलॉजी में नए अवसरों पर जोर, 35 हजार से अधिक सरकारी नौकरियों का दावा
राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 22 अक्टूबर 2026:
UPES Convocation 2026 : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं से नौकरी तलाशने की सोच से आगे बढ़कर स्वरोजगार अपनाने, नए कारोबार शुरू करने व दूसरों के लिए रोजगार के अवसर तैयार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं की मेहनत, प्रतिभा व नई सोच से ही 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य पूरा हो सकेगा। सफलता के साथ अच्छा व्यवहार, विनम्रता व संस्कार भी जरूरी हैं, क्योंकि व्यक्ति की पहचान केवल उसकी उपलब्धियों से नहीं, बल्कि उसके आचरण से भी होती है।
मुख्यमंत्री बृहस्पतिवार को देहरादून के बिधौली स्थित UPES (University of Petroleum and Energy Studies) के 24वें दीक्षांत समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने छह विद्यार्थियों को सिल्वर प्लेट पुरस्कार देकर सम्मानित किया। समारोह में कुल 4,795 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं। इनमें नियमित पाठ्यक्रमों के 3,806 विद्यार्थी शामिल रहे, जबकि UPES Online के 989 विद्यार्थियों ने भी अपनी डिग्री हासिल की।
डिग्री के बाद शुरू होगी असली चुनौती
धामी ने कहा कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों के जीवन में नए अध्याय की शुरुआत है। विश्वविद्यालय से निकलने के बाद उनके सामने वास्तविक दुनिया की चुनौतियां होंगी। इनका सामना करने के लिए लगातार सीखते रहना, मेहनत करना व अपनी क्षमताओं को बेहतर बनाना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने ज्ञान का इस्तेमाल समाज की जरूरतों को पूरा करने के साथ देश के विकास में योगदान देने के लिए करने को कहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है। इस दिशा में युवाओं की भूमिका अहम है। नई पीढ़ी अपनी प्रतिभा को सही दिशा देकर रोजगार, तकनीक, शोध व कारोबार के क्षेत्र में नए अवसर तैयार कर सकती है।

AI, डेटा साइंस व ग्रीन एनर्जी में खुलेंगे नए रास्ते
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया तेजी से Artificial Intelligence (AI), Data Science, Green Energy व Digital Technology के दौर में आगे बढ़ रही है। ऐसे में युवाओं को बदलती तकनीक के मुताबिक अपने कौशल को विकसित करना होगा। राज्य सरकार उत्तराखंड को शिक्षा, विज्ञान, तकनीक व रिसर्च के क्षेत्र में आगे ले जाने के लिए काम कर रही है। प्रदेश में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 लागू की गई है। आधुनिक शिक्षा के साथ सांस्कृतिक विरासत को जोड़ने के लिए दून विश्वविद्यालय में सेंटर फॉर हिंदू स्टडीज स्थापित किया गया है। इसके साथ ही युवाओं में वैज्ञानिक सोच व नवाचार को बढ़ावा देने के लिए देहरादून में साइंस सिटी का निर्माण किया जा रहा है।
पांच साल में 35 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां
धामी ने कहा कि सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए उत्तराखंड में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। उनके मुताबिक, पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को उनकी योग्यता व मेहनत के आधार पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए काम कर रही है।

विद्यार्थियों से मिले मुख्यमंत्री, ये लोग रहे मौजूद
दीक्षांत समारोह के दौरान मुख्यमंत्री विद्यार्थियों व उनके परिजनों के बीच पहुंचे। उन्होंने उनसे बातचीत की, साथ ही विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत, UPES के अध्यक्ष डॉ. राम के शर्मा, कुलपति डॉ. सुनील राय, प्रो-वाइस चांसलर मनीष मदान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।






