Varanasi

Wings Over Ganges: राफेल-सुखोई के करतब देखने उमड़ा वाराणसी, नमो घाट से छतों तक दिखा उत्साह

एयर शो में विमानों की कलाबाजी निहारते रहे लोग, हवा से कमांडो जलयान पर उतरे, तिरंगे से सजा आसमान, 24 व 25 अक्टूबर को भी होगा शो

वाराणसी, 22 अक्टूबर 2026:

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में भारतीय वायुसेना के एयर शो ने गुरुवार को गंगा के तट पर अलग ही नजारा पेश किया। नमो घाट पर आयोजित Wings Over Ganges कार्यक्रम में राफेल, सुखोई समेत कई विमानों ने हवाई करतब दिखाए। गंगा के ऊपर विमानों की गर्जना सुनने के लिए सुबह से ही नमो घाट, राजघाट समेत आसपास के घाटों पर लोगों की भीड़ जुटने लगी थी। शहर के कई इलाकों में लोग अपने घरों की छतों से भी विमानों को निहारते नजर आए।

सुखोई की कलाबाजी ने बढ़ाया रोमांच

दोपहर 12 बजे के बाद सुखोई विमानों के प्रदर्शन ने दर्शकों का उत्साह बढ़ा दिया। इससे पहले सूर्यकिरण टीम के तीन विमानों ने विजय के प्रतीक ‘वी’ आकार में उड़ान भरते हुए काशी फॉर्मेशन बनाया। विमानों की उड़ान के साथ गंगा के ऊपर आसमान तिरंगे के रंगों से सजा दिखाई दिया। राफेल ने भी अपनी रफ्तार, सटीक नियंत्रण क्षमता के साथ हवाई करतबों का प्रदर्शन किया। विमान ने कम गति पर उड़ान भरते हुए दिशा बदली, गंगा के ऊपर कई चक्कर लगाए। इसके बाद ऊपर-नीचे की ओर तेजी से गोते लगाकर दर्शकों का ध्यान खींचा। केदार फॉर्मेशन के तहत राफेल ने कम ऊंचाई पर एरोबेटिक प्रदर्शन किया।

हेलीकॉप्टर से उतरे कमांडो, तालियों से गूंजा नमो घाट

दोपहर करीब 12:30 बजे हेलीकॉप्टर से गंगा में मौजूद जलयान के डेक पर कमांडो को रस्सी के सहारे उतारा गया। जवानों ने नीचे उतरते ही अपनी पोजीशन संभाली। इस प्रदर्शन के दौरान दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया। वरुणा फॉर्मेशन में भारतीय वायुसेना तथा थल सेना के तीन एएलएच मार्क III हेलीकॉप्टरों ने हिस्सा लिया। इनके जरिए स्लिदरिंग ऑपरेशन का प्रदर्शन किया गया, जिसमें जवान रस्सी के सहारे नीचे उतरते हैं।

ये भी पढ़ें:

अमिताभ बच्चन की आवाज पर कथक की प्रस्तुति

एयर शो में विमानों के प्रदर्शन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहे। नमो घाट पर अमिताभ बच्चन की आवाज गूंजी तो कथक नृत्यांगनाओं ने देशभक्ति से जुड़ी भावपूर्ण प्रस्तुति दी। गंगा की लहरों पर पड़ती सूर्य की किरणों के बीच इस कार्यक्रम ने आयोजन को खास रंग दिया। देशभक्ति गीतों के बीच दर्शक झूमते नजर आए। सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम ने भी अपनी उड़ान कला का प्रदर्शन किया। हेलीकॉप्टरों की कतार राजघाट पुल के ऊपर से गुजरी। वापसी के दौरान तिरंगे के रंगों का दृश्य दिखाई दिया, जिसे देखकर घाटों पर मौजूद लोगों ने उत्साह जताया।

Advertisement

पौराणिक नामों वाले फॉर्मेशन बने आकर्षण

इस एयर शो की खासियत इसकी पौराणिक थीम है। केदार, सारंग, ओंकार, गंगा, रुद्र, भागीरथी, त्रिदेव, अलकनंदा, भैरव, कैलाश, त्रिलोचन, दशाश्वमेध समेत कई नामों पर आधारित फॉर्मेशन तैयार किए गए हैं। भारतीय वायुसेना के लिए भी पौराणिक नामों वाली इस थीम पर हवाई प्रदर्शन खास माना जा रहा है।

ओंकार फॉर्मेशन में तीन एमआई-17 वी5 हेलीकॉप्टर राष्ट्रीय ध्वज तथा वायुसेना का ध्वज लेकर उड़ान भरने के लिए शामिल किए गए हैं। गंगा फॉर्मेशन में तीन चेतक हेलीकॉप्टरों के जरिए पुष्पवर्षा का प्रदर्शन निर्धारित है। भागीरथी फॉर्मेशन में हल्के लड़ाकू हेलीकॉप्टरों तथा अपाचे अटैक हेलीकॉप्टरों की उड़ान शामिल है।
wings-over-ganges-air-show-varanasi (2)

त्रिदेव फॉर्मेशन में भारतीय नौसेना, वायुसेना तथा थल सेना के हेलीकॉप्टरों के जरिए तीनों सेनाओं के बीच तालमेल दिखाया जाना है। अलकनंदा फॉर्मेशन में चिनूक तथा एएलएच मार्क IV हेलीकॉप्टर शामिल हैं। इसके अलावा परिवहन विमानों तथा लड़ाकू विमानों के कई समूह भी एयर शो का हिस्सा हैं।

100 विमानों से दिखाई जा रही वायुसेना की ताकत

भारतीय वायुसेना के 94 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित इस प्रदर्शन में कुल 100 विमानों की भागीदारी बताई गई है। इनमें 52 लड़ाकू विमान, 15 परिवहन विमान, 32 हेलीकॉप्टर तथा एक ऐतिहासिक विमान शामिल हैं। प्रदर्शन में गरुड़ विशेष बल भी हिस्सा ले रहे हैं। विमानों ने देश के 12 वायु अड्डों से उड़ान भरकर कार्यक्रम में भाग लिया।

लड़ाकू विमानों में सुखोई-30 एमकेआई, राफेल, मिराज-2000, मिग-29, जगुआर तथा स्वदेशी एलसीए तेजस शामिल हैं। हेलीकॉप्टरों में अपाचे, चिनूक, एएलएच मार्क III, एएलएच मार्क IV, चेतक, कामोव-31 तथा एमआई-17 वी5 जैसे विमान शामिल हैं। परिवहन एवं सहायक विमानों में सी-295, सी-17, सी-130, एएन-32, आईएल-78, पी-8आई तथा अन्य विमान शामिल हैं।
wings-over-ganges-air-show-varanasi (3)

मालवीय पुल बंद होने से दूसरे रास्तों पर बढ़ा दबाव

एयर शो के चलते वाराणसी में यातायात व्यवस्था पर भी असर पड़ा। मालवीय पुल पर सुबह नौ बजे से आवाजाही रोक दी गई। इसके बाद दूसरे मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ने लगा। इस रास्ते से गुजरने वाले लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा।

24 और 25 अक्टूबर को भी जारी रहेगा आयोजन

वाराणसी में एयर शो का आयोजन 22 से 25 अक्टूबर तक निर्धारित कार्यक्रम के तहत हो रहा है। 24 तथा 25 अक्टूबर को रक्षा मंत्री के शामिल होने की जानकारी दी गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 अक्टूबर को काशी आने का कार्यक्रम भी बताया गया है। आयोजन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है।

ये भी पढ़ें  काशी में रामनगर की रामलीला का आगाज...कंधों पर सवार होकर पहुंचे प्रभु, रावण जन्म का मंचन

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link