उत्तराखंड न्यूज : सेवा में नहीं रहेंगीं पुरानी 108 एम्बुलेंस, 50 गाड़ियां बदलने के निर्देश
मुख्य सचिव ने जारी किया फरमान, 3 लाख किमी. से ज्यादा चल चुकीं एम्बुलेंस बदलीं जाएंगीं, हर केस के रिस्पांस टाइम की होगी जांच

देहरादून, 22 अक्टूबर 2026
उत्तराखंड में 108 Ambulance Service को बेहतर बनाने के लिए तीन लाख किलोमीटर से ज्यादा चल चुकी करीब 50 एम्बुलेंस बदलने की तैयारी है। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने गुरुवार को सचिवालय में हुई व्यय वित्त समिति की बैठक में इन वाहनों को बदलने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही एम्बुलेंस की निगरानी के लिए अलग व्यवस्था बनाने को कहा, जिससे मरीज तक पहुंचने में होने वाली देरी का पता लग सके।
साप्ताहिक व मासिक निगरानी के लिए बनेगी टीम
मुख्य सचिव ने कहा कि 108 एम्बुलेंस सेवा सीधे लोगों की जान से जुड़ी है। ऐसे में पुरानी हो चुकी गाड़ियों को बदलने में बेवजह देरी नहीं होनी चाहिए। वाहनों को चरणबद्ध तरीके से बदला जा सकता है, लेकिन इसकी प्रक्रिया जल्द शुरू की जाए। एम्बुलेंस के पहुंचने में लगने वाले समय की समीक्षा सिर्फ औसत रिस्पांस टाइम के आधार पर नहीं होगी। हर मरीज तक एम्बुलेंस पहुंचने में वास्तव में कितना समय लगा, इसका अलग से विश्लेषण किया जाएगा। इससे देरी वाले मामलों की पहचान कर उनके कारणों का पता लगाया जा सकेगा।
NHM में बनेगी मॉनिटरिंग टीम
एम्बुलेंस सेवा की नियमित निगरानी के लिए राष्ट्रीय
स्वास्थ्य मिशन (NHM) में एक समर्पित टीम गठित करने के निर्देश दिए गए। यह टीम सेवा से जुड़े अलग-अलग पहलुओं की समीक्षा करेगी। साप्ताहिक व मासिक आधार पर निगरानी की जाएगी, ताकि किसी कमी या असामान्य स्थिति का पता चलते ही जरूरी कदम उठाए जा सकें।
जीवनरक्षक उपकरणों की हर महीने जांच
एम्बुलेंस में मौजूद जीवनरक्षक उपकरणों की हर महीने अनिवार्य जांच कराई जाएगी। इसके लिए संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करने को कहा गया है, ताकि आपात स्थिति में मरीजों को जरूरी चिकित्सा सुविधाएं मिलने में दिक्कत न हो।
मोबाइल ऐप से भी होगी निगरानी
एम्बुलेंस सेवा के लिए जल्द मोबाइल ऐप तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके जरिए मरीज की स्थिति व लोकेशन के आधार पर एम्बुलेंस की आवाजाही पर नजर रखी जा सकेगी। सरकारी एम्बुलेंसों को भी जरूरी सुविधाओं से लैस कर इस व्यवस्था से जोड़ने पर जोर दिया गया। इससे आपातकालीन सेवाओं के लिए उपलब्ध वाहनों की संख्या बढ़ाने में मदद मिलेगी।
प्रदेश में चल रहीं 272 एम्बुलेंस
बैठक में बताया गया कि उत्तराखंड में फिलहाल 108 सेवा के तहत 272 एम्बुलेंस संचालित हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की 250 से अधिक सरकारी एम्बुलेंस भी चल रही हैं। बैठक में सचिव विनय शंकर पांडेय, अपर सचिव नवनीत पांडेय, रोहित मीणा, डीजी हेल्थ डॉ. सुनीता टम्टा समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।






