रुद्रपुर, 19 जनवरी 2026:
उत्तराखंड के पूर्व मंत्री एवं किच्छा से कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ के छोटे बेटे सौरभ बेहड़ पर अज्ञात हमलावरों ने घातक हमला कर दिया। सौरभ रुद्रपुर नगर निगम के वार्ड संख्या 39 से पार्षद भी हैं। इस हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल स्थानीय एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है लेकिन उन्हें निगरानी में रखा गया है।
जानकारी के अनुसार यह वारदात रविवार शाम उस समय हुई जब सौरभ बेहड़ अपने घर से आवास विकास चौकी की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे आवास विकास क्षेत्र में पहुंचे पहले से घात लगाए बैठे तीन नकाबपोश हमलावरों ने उन पर अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने मोटरसाइकिल से आकर सौरभ को घेर लिया और लाठी-डंडों व हाथों से पीटना शुरू कर दिया। अचानक हुए इस हमले से इलाके में अफरातफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। आवास विकास चौकी सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। प्रारंभिक जांच में हमलावरों के मास्क पहने होने के कारण पहचान में कठिनाई आ रही है।
घटना के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं में भारी रोष देखा गया। विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि सौरभ हमले से ठीक पहले चौकी जाने के लिए घर से निकले थे तभी मोटरसाइकिल सवार मास्कधारी बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने भरोसा जताया कि पुलिस जांच के बाद दोषियों को जल्द गिरफ्तार करेगी। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।






