Uttarakhand

उत्तराखंड: खिलाड़ियों को मिला तीन करोड़ से ज्यादा इनाम…नौकरी की राह भी खुली

खेल मंत्री रेखा आर्या ने किया डीबीटी, खातों में पहुंची धनराशि, पदक विजेताओं के लिए आउट ऑफ टर्न भर्ती तेज, प्रशिक्षकों को भी मिला लाभ

देहरादून, 19 मार्च 2026:

प्रदेश के खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए सरकार ने तीन करोड़ से ज्यादा की इनामी राशि जारी की है। खेल मंत्री रेखा आर्या ने यमुना कॉलोनी स्थित कैंप कार्यालय से यह राशि खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों को वितरित की। पैसा डीबीटी के जरिए सीधे खिलाड़ियों के बैंक खातों में भेजा गया।

खेल मंत्री ने बताया कि यह इनाम एक जुलाई 2024 से 31 मार्च 2025 के बीच राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को दिया गया है। इसमें एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल और विश्व चैंपियनशिप जैसी बड़ी प्रतियोगिताओं के पदक विजेता शामिल हैं।

इसके अलावा 38वें राष्ट्रीय खेलों में पदक जीतने वाले कुछ खिलाड़ी और कोच पिछले साल जरूरी कागजी प्रक्रिया पूरी न होने की वजह से इनाम से वंचित रह गए थे। इस बार उनकी बकाया राशि भी जारी कर दी गई है, जिससे सभी पात्र खिलाड़ियों को लाभ मिल सका।

रेखा आर्या ने कहा कि जो खिलाड़ी राज्य का नाम रोशन करते हैं, उनके प्रति सरकार अपनी जिम्मेदारी निभा रही है। आर्थिक मदद के साथ उन्हें रोजगार के मौके भी दिए जा रहे हैं। पदक विजेताओं को आउट ऑफ टर्न नौकरी देने की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। इसके लिए अलग-अलग विभागों में पद तैयार किए जा रहे हैं, ताकि जल्द नियुक्तियां हो सकें। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित कर रही है। इससे प्रदेश में खेल का माहौल मजबूत हो रहा है और युवाओं का रुझान भी खेलों की तरफ बढ़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button